KCG News: नाबालिग प्रेमिका की हत्या, गर्भवती होने पर शादी का बना रही थी दबाव, आरोपी ने चलती ट्रेन से धक्का देकर ले ली जान...
KCG News: छत्तीसगढ़ के खैरागढ़ छुईखदान-गंडई से लापता नाबालिग बालिका का शव बिलासपुर के रेलवे पटरी के पास मिला था। मामले में पुलिस ने पीड़िता के प्रेमी समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपी ने ही घटना को अंजाम दिया था।
KCG News: खैरागढ़-छुईखदान-गंडई। छत्तीसगढ़ के खैरागढ़ से लापता नाबालिग छात्रा की बिलासपुर में लाश मिलने की गुत्थी को पुलिस ने सुलझा लिया है। मृतिका के प्रेमी ने नाबालिग को चलती ट्रेन से धक्का देकर मौत के घाट उतार दिया था। मामले में प्रेमी समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। मुख्य आरोपी का नाम मोहन वर्मा 27 वर्ष है।
जानिए पूरा मामला
दरअसल, 29 मार्च को खैरागढ़ थाना क्षेत्र में नाबालिग छात्रा के गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराई गई थी। नाबालिग के पिता ने बताया था कि उनकी बेटी 28 मार्च को शादी कार्यक्रम में गई थी, जिसके बाद वापस घर नहीं लौटी।
पुलिस मामले में शिकायत दर्ज कर नाबालिग की तलाश शुरू की। इसी बीच बिलासपुर जिले के थाना मस्तुरी-जयरामनगर रेलवे स्टेशन के आगे पटरियों पर एक लाश मिली थी। बिलासपुर पुलिस ने मृतिका की पहचान केसीजी जिला के खैरागढ़ से गुमशुदा नाबालिग के रूप में की थी। केसीजी पुलिस ने बालिका की लाश मिलने की गुत्थी को गंभीरत से लिया और मामले की जांच शुरू की।
पुलिस की टीम को जांच के दौरान पता चला कि पीड़िता 28 मार्च की रात ठेलकाडी निवासी मोहन वर्मा के साथ देखी गई थी। पुलिस ने इस जानकारी के बाद संदेही मोहन वर्मा को हिरासत में लिया और कड़ाई से पूछताछ की।
पूछताछ में पुलिस को आरोपी ज्यादा देर गुमराह नहीं कर पाया और हत्या करने की बात कबूल किया। आरोपी मोहन ने पुलिस को बताया कि उसका और नाबालिग बालिका के बीच प्रेम प्रसंग था। दोनों के बीच कई बार संबंध भी बने। इसी बीच नाबालिग गर्भवती हो गई और शादी करने का दबाव बना रही थी, लेकिन आरोपी अभी शादी नहीं करना चाह रहा था।
प्रेमिका के दबाव से परेशान होकर आरोपी ने उसे रास्ते से हटाने की योजना बनाई और घटना में अपने तीन दोस्त को भी शामिल किया। आरोपियों ने योजना के अनुसार नाबालिग को 28 मार्च की रात डोंगरगढ़ बुलाए, फिर ट्रेन की टिकट कटाकर रात 12 बजे बेनगंगा एक्सप्रेस से बिलासपुर की ओर जाने निकल गए। ट्रेन में सीट नहीं मिलने पर आरोपी अपनी प्रेमिका और दोस्तों के साथ दरवाजे पर बैठ गया
घटना वाली रात 3ः30 बजे के आसपस जब ट्रेन बिलासपुर के पास पहुंची तो आरोपी प्रेम प्रसंग को लेकर विवाद करने लगा। विवाद बढ़ने पर आरोपी ने प्रेमिका को चलती ट्रेन से धक्का देकर नीचे गिरा दिया, जिससे उसकी मौत हो गई।
घटना को अंजाम देने के बाद तीनों आरोपी अकलतरा रेलवे स्टेशन में उतरे और फिर दूसरे दिन डोंगरगढ़ वाली ट्रेन में बैठकर वापस अपने गांव आ गए थे।
मामले में पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार किया। पकड़े गए आरोपियों में एक नाबालिग भी शामिल है। आरोपी मोहन और हरीश वर्मा को गिरफतार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
नाम आरोपी
01 मोहन वर्मा पिता स्व0 बिसराम वर्मा 27 वर्ष ग्राम चिचोला थाना ठेलकाडीह केसीजी
02 हरीश वर्मा पिता स्व0 रवि वर्मा 31 वर्ष ग्राम अछोली थाना डोंगरगढ़ जिला राजनांदगांव
03 एक विधि से संघर्षरत बालक