जदयू विधायक के करीबी कारोबारी दोस्त को मारी गोली, अपार्टमेंट में घुसकर दिया अंजाम
Patna News: राजधानी पटना मंगलवार देर रात सत्ताधारी जदयू विधायक श्याम रजक के करीबी दोस्त को अपराधियों ने उनके अपार्टमेंट में घुसकर गोली मार दी।
Patna Crime News : पटना के शास्त्रीनगर में मंगलवार की देर रात अपराधियों ने एक कारोबारी को गोली मार दी। इसके बाद पूरे इलाके में खौफ फैल गया। घायल शख्स जदयू विधायक श्याम रजक के करीबी दोस्त हैं। वारदात को शास्त्रीनगर के शिवपुरी नाले के पास अंजाम दिया गया है। घायल दिलीप सिंह सत्ताधारी जनता दल यूनाइटेड के फुलवारी विधायक श्याम रजक के बेहद करीबी मित्र हैं। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। मगर, अपराधी फरार हो चुके थे। घायल कारोबारी दिलीप सिंह को एक निजी अस्पताल ले जाया गया। वहां उनकी हालत गंभीर है।
अपार्टमेंट में घुसते ही मारी गोली
बताया जा रहा कि जिस वक्त दिलीप सिंह को गोली मारी गई, उस वक्त वह ऑफिस से लौटकर अपने अपार्टमेंट में जा रहे थे। तभी हमलावरों ने अपार्टमेंट टिंकू जीएस एनक्लेव एंड छठू एन्क्लेव के पास उन्हें निशाना बनाया। दिलीप जैसे ही अपनी गाड़ी से उतर कर अपार्टमेंट में लिफ्ट की तरफ बढ़े, वैसे ही अपराधियों ने उन्हें गोली मार दी। दिलीप के पेट में गोली लगी है। उन्हें अस्पताल में दाखिल कराया गया।
क्या करते हैं दिलीप?
दिलीप सिंह गिट्टी-बालू और छड़ की सप्लाई करते हैं। वह सिंघला जैसी बड़ी कंपनियों में कंस्ट्रक्शन मैटेरियल देते हैं। दिलीप एमपी इंजीकॉन के मालिक हैं, जिसका दफ्तर बोरिंग रोड के कुमार टावर में है। 10 बजे रात को उन्हें गोली मारने के बाद अपराधी अटल पथ के रास्ते फरार हो गए। पुलिस को वारदात की जगह दो खोखे मिले हैं।