नालंदा मंदिर भगदड़: 4 पुजारी गिरफ्तार, अब तक पूरे मामले में क्या-क्या हुआ?
Nalanda Mandir Stampede : बिहार के नालंदा जिले में कल यानी 31 मार्च को मची भगदड़ के मामले में चार पुजारियों को गिरफ्तार किया गया है। वहीं, कई अज्ञात लोगों के खिलाफ केस दर्ज हुआ है।
नालंदा शीतला माता मंदिर। इमेज-सोशल मीडिया
Nalanda Stampede Updates : बिहार में नालंदा जिले के शीतला माता मंदिर में भगदड़ मचने के मामले में पुलिस ने 4 पुजारी को गिरफ्तार किया है। 20 नामजद और 20 अज्ञात लोगों के खिलाफ दीपनगर थाने में मामला दर्ज किया गया है। इस बीच मंत्री और जदयू नेता श्रवण कुमार ने मृतकों के परिजनों से धैर्य रहने की अपील की है। पत्रकारों से बातचीत में श्रवण कुमार ने कहा कि मैं मृतक के आश्रितों को इस संकट की घड़ी में धैर्य रखने की अपील करता हूं। मृतक के परिवारों को सरकार से जो मदद मिलनी चाहिए, वो दी जाएगी। यह घटना बहुत दुखद है।
इससे पहले मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने सोशल मीडिया पर लिखा था-नालंदा जिले के बिहारशरीफ स्थित शीतला देवी मंदिर में हुई भगदड़ में श्रद्धालुओं की मौत की घटना अत्यंत दुखद है। मृतकों के परिजनों के प्रति शोक संवेदना है। मृतकों के आश्रितों को आपदा प्रबंधन विभाग से 4-4 लाख और मुख्यमंत्री राहत कोष से 2-2 लाख रुपये अनुग्रह अनुदान देने के निर्देश दिए गए हैं। घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करता हूं। उनके समुचित इलाज की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।
अत्यंत पीड़ादायक घटना : सम्राट चौधरी
गृहमंत्री सम्राट चौधरी ने कहा है कि नालंदा स्थित माता शीतला मंदिर में भगदड़ की घटना अत्यंत पीड़ादायक है। जान गंवाने वाले और घायल श्रद्धालुओं के परिवारजनों के प्रति संवेदनाएं प्रकट करता हूं। सरकार से पीड़ित परिवारों को हरसंभव सहायता दी जा रही है। घायलों के समुचित उपचार की व्यवस्था की गई है। ईश्वर दिवंगत आत्माओं को शांति दें। शोकाकुल परिवारों को इस दुख की घड़ी में संबल दे। घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करता हूं।
भगदड़ के कारणों का नहीं रहा पता
एक सीनियर अधिकारी ने बताया कि शीतला माता मंदिर में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ से यह घटना हुई। घटना बाद मंदिर परिसर और अस्पताल में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। प्रशासन और पुलिस के अधिकारी मौके पर पहुंचकर राहत एवं बचाव कार्य में जुटे थे। भगदड़ के कारणों का अब तक पता नहीं चल पाया है। नालंदा के उप विकास आयुक्त (डीडीसी) शुभम कुमार ने कहा कि मंदिर में अत्यधिक भीड़ के कारण यह हादसा हुआ होगा। उन्होंने कहा, घटना में 8 श्रद्धालुओं की मौत हुई है। पांच से अधिक लोग घायल हुए हैं।