घूस के पैसों से एसडीपीओ ने गर्लफ्रेंड के लिए खरीदी जमीन, ससुराल में मंगवानी पड़ी नोट गिनने वाली मशीन, बिहार में अफसरों के ठिकानों पर छापे
Bihar EOU Raid : बिहार में आर्थिक अपराध इकाई की टीम ने आज सरकारी अधिकारियों के ठिकानों पर छापेमारी की है। इसमें अफसरों की आय से अधिक संपत्ति की जानकारी मिली है।
EOU Raid News : बिहार पुलिस की आर्थिक अपराध इकाई (EOU) ने आज किशनगंज के एसडीपीओ गौतम कुमार के बिहार से बंगाल तक के ठिकानों पर छापे मारे। यह कार्रवाई किशनगंज, पूर्णिया, अररिया, पटना और पश्चिम बंगाल की सिलीगुड़ी में की गई। किशनगंज में ईओयू की टीम सुबह 8:30 बजे ही गौतम कुमार के घर और ऑफिस पहुंची। दोपहर 12 बजे से गौतम कुमार के कार्यालय पर छापेमारी शुरू हुई।
3 गाड़ियों में ईओयू टीम के 12 लोग पहुंचे। एसडीपीओ गौतम कुमार के खिलाफ आय से 1.94 करोड़ अधिक संपत्ति अर्जित करने का आरोप है। यह उनकी आय से 60.27% अधिक है। गौतम कुमार किशनगंज में हैं। इन्होंने अपनी गर्लफ्रेंड शगूफ्ता खातून के नाम कई जमीन खरीदी थी। वैसे, बाद में शगूफ्ता ने गौतम के बेटों को जमीनें गिफ्ट कर दीं।
क्या अवैध बालू खनन से कमाई?
गौतम कुमार अभी किशनगंज में एसडीपीओ हैं। इससे पहले वे पटना में बीएमपी-5 में डीएसपी थे। गौतम कुमार का सहरसा में पुश्तैनी घर है। पटना में घर बनाए हैं। पूर्णिया में ससुराल है। आरोप है कि हाल में उन्होंने जिले में अवैध बालू खनन, लॉटरी माफिया, तस्करी, लूट के कई मामलों में सक्रिय भूमिका निभाई, जिससे कई बड़े गिरोहों का खुलासा हुआ था। इनसे काली कमाई का आरोप है। ये छापेमारी किशनगंज की हाउसिंग कॉलोनी स्थित घर और पूर्णिया के कोरठबाड़ी स्थित उनकी ससुराल में चल रही है। सूत्रों के मुताबिक ससुराल से भारी मात्रा में जेवरात मिले हैं। कैश गिनने की मशीन मंगाई गई है।
1996 में थे एसआई
गौतम कुमार पुलिस विभाग में 1994 बैच के दारोगा के रूप में बहाल हुए थे। 1996 में उनकी पहली पोस्टिंग दारोगा के रूप में किशनगंज में हुई थी। प्रमोशन पाकर डीएसपी बने। उन्होंने अधिकतर समय सीमांचल के जिलों किशनगंज, अररिया, पूर्णिया और कटिहार में सेवा दी। छापेमारी के दौरान कई जमीन के कागजात, बैंक खातों की जानकारी, निवेश के दस्तावेज, महंगी गाड़ियां और सोने-चांदी के आभूषण से संबंधित दस्तावेज मिले हैं। टीम उनके परिजनों और करीबियों के नाम पर खरीदी गई संपत्तियों की भी जांच कर रही।
सहरसा डीआरडीए के ठिकानों पर छापा
ईओयू ने सहरसा डीआरडीए वैभव कुमार के ठिकानों पर भी दबिश दी है। वैभव के मुजफ्फरपुर, सहरसा समेत 6 ठिकानों पर रेड की। वैभव कुमार पर 2 करोड़ 41 लाख 14 हजार की आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने के मामले में कार्रवाई हुई है। सहरसा के नया बाजार के पास किराए के मकान में रह रहे डीआरडीए डायरेक्टर वैभव कुमार के आवास पर ईओयू की टीम सुबह 7 बजे पहुंची। वैभव कुमार के सहरसा, मुजफ्फरपुर समेत कुल 6 ठिकानों पर अलग-अलग टीमें छापेमारी की।