LPG गैस के लिए गरमाया माहौल...पटना में लोगों ने किया सड़क जाम, 2 किमी तक गाड़ियों की लगी लाइन

LPG Gas Crisis : राजधानी पटना में एलपीजी गैस की किल्लत को लेकर लोग सड़कों पर उतर गए। इससे दो किलोमीटर तक वाहनों की कतार लग गई। यह मामला फुलवारी शरीफ इलाके का है।

Update: 2026-03-31 04:32 GMT

Patna LPG Gas Crisis: राजधानी पटना के फुलवारी शरीफ में आज रसोई गैस सिलेंडर (LPG) नहीं मिलने से उपभोक्ताओं ने सड़क जाम कर दिया। 2 किलोमीटर तक सड़क जाम रहा। लोग सुबह 7 बजे से प्रदर्शन कर रहे। उपभोक्ता गैस सिलेंडर लेने के लिए एजेंसी पहुंचे थे। वहां उन्हें बताया गया कि गैस लेकर ट्रक नहीं आया है।

इसके बाद लोगों का गुस्सा भड़क गया। 300 लोग खाली गैस सिलेंडर के साथ सड़क पर बैठक गए। ट्रैफिक पूरी तरह से रोक दिया। पटना एम्स के पास नवादा मोड़ काली मंदिर के समीप नेशनल हाईवे गाड़ियों की लाइन लगी है। राहगीरों को परेशानी हो रही। उपभोक्ताओं का आरोप है कि गैस बुकिंग का मैसेज तो मिल जाता है, लेकिन सिलेंडर की डिलीवरी समय पर नहीं होती। सुबह से लाइन में खड़े थे। मगर, सिलेंडर नहीं मिला। एजेंसी के गोदाम पर भी संतोषजनक जवाब नहीं मिला।

हर कुछ दिनों पर बन जाती है ऐसी स्थिति

लोगों ने बताया कि यह समस्या नई नहीं है, बल्कि हर कुछ दिनों पर ऐसी स्थिति बनती है। नंबर आने के बावजूद सिलेंडर न मिलना आम बात है। कुछ उपभोक्ताओं ने आरोप लगाया कि एजेंसी के कर्मचारी मनमानी करते हैं। कई जगहों पर चोरी-छिपे ऊंचे दामों पर गैस सिलेंडर बेचे जा रहे। पंजीकृत उपभोक्ताओं को समय पर गैस नहीं मिल रही है।

पुलिस समझाने की कोशिश कर रही

सड़क जाम की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंचकर प्रदर्शनकारियों को समझाने का प्रयास की। मगर, उपभोक्ता अपनी मांगों पर अड़े रहे। उन्होंने गैस वितरण व्यवस्था में तत्काल सुधार की मांग की। उपभोक्ताओं ने प्रशासन से मांग की कि गैस वितरण व्यवस्था को दुरुस्त किया जाए, जिससे लोगों को परेशानी का सामना न करना पड़े।

भुगतान कर दिया है, पर गैस नहीं आया

थाना प्रभारी गुलाम सहवाज आलम ने कहा कि एजेंसी के मालिक रविंद्रन ने कहा कि भुगतान कर दिया गया है, पर ट्रक नहीं आने से परेशानी हो गई है। पुलिस से आग्रह है कि अपनी सुरक्षा में सिलेंडर वितरण कराएं।

Tags:    

Similar News