पत्नी की हत्या कर भिखारी के भेष में घूम रहा था आरोपी पति, पुलिस ने हत्या के तीन दिन बाद धरदबोचा….

Update: 2021-06-14 13:36 GMT

बिलासपुर 15 जून 2021। पत्नी की हत्या कर फरार चल रहे शातिर पति को सिरगिट्टी पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी हत्या के बाद से ही भेष बदलकर भिखारियों के एक समूह में छुपकर रह रहा था। पकड़े गए आरोपी का नाम आरती दास वैष्णव है।

जानकारी के मुताबिक घटना सिरगिट्टी थाना क्षेत्र के पथरियापारा हार्दिकला टोणा की है। 10 जून को यहां रहने वाली महिला अनसुइया वैष्णव को लहू लुहान हालात में उसके पुत्र ने सिम्स अस्पताल में भर्ती कराया था, जिसके बाद इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई थी। महिला की मौत के बाद मायके पक्ष वालों ने उसके पति पर हत्या का आरोप लगाते हुए पुलिस में इसकी शिकायत दर्ज कराई थी।
इधर महिला की पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने पर पता चला कि, महिला की मौत सिर पर चोट लगने की वजह से हुई थी। पुलिस ने पीएम रिपोर्ट आने के बाद मृतक महिला के पति की तलाश शुरू की। महिला की मौत के बाद से ही आरोपी पति फरार चल रहा था, जिसे पुलिस ने बिलासपुर के एक इलाके से भिखारियों के झुंड से गिरफ्तार किया। आरोपी ने पत्नी की हत्या की बात कबूल करते हुए पुलिस को बताया कि, वो काम पर नहीं जाता था तो उसकी पत्नी इसी बात को लेकर उससे विवाद करती थी। घटना वाले दिन भी इसी बात को लेकर विवाद हुआ था। देखते देखते विवाद के दौरान उसकी पत्नी के सिर पर गंभीर चोट लग गई, जिसे वो मौके पर ही छोड़कर वहां से फरार हो गया था।

फिलहाल पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। साथ ही सिरगिट्टी थाने में उसके खिलाफ हत्या के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।

Tags:    

Similar News