Facebook पर अब 'Copycat' कंटेंट की खैर नहीं! Meta ने क्रिएटर्स के लिए लॉन्च किए धाकड़ टूल्स, ऐसे रुकेगी चोरी
Facebook Copycat Content Update: Meta ने फेसबुक क्रिएटर्स के लिए नए टूल्स लॉन्च किए हैं, जो वीडियो चोरी और फेक अकाउंट्स पर सख्त कार्रवाई करेंगे। नए AI सिस्टम से लो-क्वालिटी और डुप्लीकेट कंटेंट तुरंत पकड़ा जाएगा। इससे ओरिजिनल क्रिएटर्स को ज्यादा रीच और प्रमोशन मिलने में मदद मिलेगी।
AI-Generated Representational Image
Facebook Copycat Content Update: मार्च 2026 में मेटा ने फेसबुक पर नया अपडेट लाया है, जो खासतौर पर उन लोगों के लिए है जो फेसबुक पर वीडियो बनाते हैं। इस अपडेट के बाद अब असली वीडियो को और अच्छा बचाया जा सकेगा। मेटा ने यह कदम इसलिए उठाया है ताकि फेक अकाउंट और चोरी की वीडियो पर रोक लग सके। कंपनी ने 'एआई स्लोप' नाम का एक सिस्टम लाया है, जिससे लो-क्वालिटी या गलत वीडियो को जल्दी पकड़ा जा सके। साथ ही, अब कुछ नए नियम और स्मार्ट टूल्स भी आए हैं जो नकली और भ्रम फैलाने वाले वीडियो रोकते हैं। इन नए बदलावों से उन लोगों को सबसे ज़्यादा फायदा होगा जो खुद का ओरिजिनल वीडियो बनाते हैं। अब फेसबुक पर असली और हाई-क्वालिटी वीडियो ज्यादा लोगों को दिखेंगे और प्रमोट भी होंगे।
एक ही जगह से कर पाएंगे कॉपीकैट्स की रिपोर्ट
क्रिएटर्स की सुविधा के लिए मेटा ने एक नया 'सेंट्रलाइज्ड डैशबोर्ड' तैयार किया है। इस डैशबोर्ड की मदद से आप उन सभी फर्जी प्रोफाइल्स को आसानी से ट्रैक कर सकेंगे, जो आपकी इजाजत के बिना आपका कंटेंट दोबारा अपलोड कर रहे हैं। पहले ऐसे कंटेंट की रिपोर्ट करना काफी मुश्किल और लंबा प्रोसेस था, लेकिन अब आप एक ही जगह से अपनी सारी शिकायतें दर्ज कर पाएंगे। यह नया सिस्टम ओरिजिनल वीडियो को डुप्लीकेट के साथ तुरंत मैच कर लेता है, जिससे फेक अकाउंट्स पर एक्शन लेना अब पहले से कहीं ज्यादा तेज और आसान हो गया है।
फेसबुक पर क्या है ओरिजिनल कंटेंट की नई परिभाषा
मेटा ने अपनी कंटेंट गाइडलाइंस को अपडेट करते हुए अब 'ओरिजिनल कंटेंट' को और भी साफ तरीके से परिभाषित किया है। अब केवल वही वीडियो या पोस्ट ओरिजिनल माने जाएंगे जो सीधे क्रिएटर द्वारा शूट या प्रोड्यूस किए गए हों। इसमें उन रील्स को भी शामिल किया गया है जो किसी दूसरे कंटेंट को रिमिक्स करती हैं, लेकिन उनमें क्रिएटर का अपना ओरिजिनल एनालिसिस, चर्चा या कोई नई जानकारी जुड़ी हो। अगर कोई यूजर किसी दूसरे का वीडियो उठाकर उसमें मामूली बदलाव जैसे बॉर्डर लगाना या सिर्फ ऑटो-कैप्शन लिखकर दोबारा अपलोड करता है, तो उसे अब अन-ओरिजिनल कैटेगरी में डाल दिया जाएगा।
डुप्लीकेट कंटेंट पर सख्त कार्रवाई और रीच में कटौती
अगर कोई फेसबुक पर दूसरों के वीडियो में छोटे-मोटे एडिट करके व्यूज बटोरने की कोशिश करेगा, तो उसकी रीच अब जीरो हो सकती है। मेटा ने साफ कर दिया है कि लो-वैल्यू वाले डुप्लीकेट कंटेंट की एंगेजमेंट को पूरी तरह से दबा दिया जाएगा। कंपनी का फोकस अब स्पैम को हटाकर असली क्रिएटर्स के कंटेंट को यूजर्स की फीड में सबसे ऊपर प्रमोट करना है। आंकड़े बताते हैं कि इस सख्ती का बड़ा असर हुआ है। साल 2025 के आखिर तक फेसबुक पर ओरिजिनल कंटेंट देखने का समय पिछले सालों के मुकाबले लगभग दोगुना हो गया है, जो 2026 में क्रिएटर्स के लिए एक बहुत ही शानदार संकेत है।
फेक अकाउंट्स का सफाया और मार्केटप्लेस में Meta AI
फेसबुक ने बीते एक साल में नकली पहचान बताने वाले लगभग 2 करोड़ अकाउंट्स को प्लेटफॉर्म से हमेशा के लिए हटा दिया है। इससे बड़े क्रिएटर्स के नाम पर होने वाली धोखाधड़ी के मामलों में 33 प्रतिशत की बड़ी गिरावट आई है। सुरक्षा के साथ-साथ मेटा ने फेसबुक मार्केटप्लेस के लिए भी एक स्मार्ट फीचर पेश किया है। अब बिजनेस करने वाले लोग Meta AI असिस्टेंट का इस्तेमाल कर सकेंगे। यह AI टूल आपकी लिस्टिंग की जानकारी और कीमत के आधार पर ऑटो-रिप्लाई तैयार करेगा, जिससे सेलर्स का कीमती समय बचेगा।