Apple CarPlay में आया ChatGPT का सपोर्ट, अब ड्राइविंग के दौरान बोलकर पूछ सकेंगे सवाल, जानें कैसे करेगा काम
ChatGPT on Apple CarPlay: एप्पल ने iOS 26.4 अपडेट के साथ CarPlay में ChatGPT का सपोर्ट रोलआउट कर दिया है। अब ड्राइवर्स बिना फोन छुए बोलकर एआई से सवाल पूछ सकेंगे। 9to5Mac के मुताबिक, यह फीचर सुरक्षा के लिए 'वॉइस-ओनली' मोड पर काम करेगा।
AI-Generated Representational Image
ChatGPT on Apple CarPlay: एप्पल ने अपने CarPlay सिस्टम के लिए नया सॉफ्टवेयर अपडेट जारी किया है। अब iPhone यूजर्स गाड़ी चलाते समय सीधे कार के डैशबोर्ड से ChatGPT का इस्तेमाल कर सकते हैं। दरअसल, कंपनी धीरे-धीरे AI को रोज के कामों में जोड़ रही है। यही वजह है कि अब यह फीचर CarPlay में भी शामिल किया गया है।
प्रसिद्ध टेक वेबसाइट 9to5Mac के अनुसार, यह सुविधा उन आईफोन यूजर्स को मिलेगी जो iOS 26.4 या उससे ऊपर का वर्जन इस्तेमाल कर रहे हैं। इसके साथ ही, यूजर्स को अपने फोन में मौजूद ChatGPT ऐप को भी लेटेस्ट वर्जन पर अपडेट करना होगा। इन दोनों के बिना कारप्ले इंटरफेस पर यह नया फीचर नजर नहीं आएगा।
एप्पल ने हाल ही में अपने ऑपरेटिंग सिस्टम में 'वॉइस-बेस्ड कन्वर्सेशनल ऐप्स' के लिए खास जगह बनाई है। यही वजह है कि अब ChatGPT जैसे थर्ड-पार्टी एआई ऐप्स कार के सिस्टम के साथ तालमेल बिठा पा रहे हैं। कंपनी ने इसे सुरक्षा नियमों को ध्यान में रखकर तैयार किया है ताकि ड्राइवर का ध्यान सड़क से न भटके।
वॉइस-ओनली मोड पर करेगा काम
कारप्ले में ChatGPT का इस्तेमाल पूरी तरह वॉइस-कंट्रोल पर आधारित है। इसका मतलब है कि बातचीत के दौरान स्क्रीन पर कोई भी टेक्स्ट मैसेज नहीं दिखेगा। जब आप एआई से कोई सवाल पूछेंगे, तो वह बोलकर ही आपको जवाब देगा। ड्राइविंग के वक्त किसी भी तरह का टेक्स्ट पढ़ना खतरनाक हो सकता है, इसलिए इसे 'ऑडियो-ओनली' रखा गया है।
इंटरफेस की बात करें तो स्क्रीन पर बहुत सीमित विकल्प मिलेंगे। इसमें बातचीत को बीच में रोकने (Mute) या पूरी तरह खत्म (End) करने के लिए बटन दिए गए हैं। यूजर्स अपनी हालिया बातचीत की एक लिस्ट जरूर देख सकते हैं, लेकिन पुरानी चैट्स के पूरे जवाब पढ़ने की सुविधा फिलहाल नहीं दी गई है।
मैनुअल तरीके से शुरू होगी बातचीत
फिलहाल इस फीचर में ‘वेक वर्ड’ सपोर्ट नहीं है। यानी ‘हे सिरी’ बोलकर ChatGPT चालू नहीं होगा। इसके लिए पहले CarPlay स्क्रीन खोलनी होगी। फिर ChatGPT आइकन पर टैप करना होगा। इसके बाद ही वॉइस कमांड काम करेगा।
एप्पल और OpenAI का यह इंटीग्रेशन ड्राइविंग के दौरान ध्यान में रखकर बनाया गया है। लेकिन अभी यह पूरी तरह हैंड्स-फ्री नहीं है। अब भी ड्राइवर को ऐप पर टैप करना पड़ता है। दरअसल, सुरक्षा को देखते हुए यह जरूरी रखा गया है। आगे इसमें बदलाव हो सकता है।