टीम इंडिया ने ओवल में रचा इतिहास, इंग्लैंड को 157 रनों से हराया, सीरीज में 2-1 से आगे…..बुमराह ने तोड़ा कपिल का रिकार्ड
ओवल 6 सितंबर 2021। लंदन के केनिंग्टन ओवल स्टेडियम में खेले गये चौथे टेस्ट मैच में टीम इंडिया (India) ने इंग्लैंड (England) के खिलाफ शानदार जीत दर्ज की. भारत की इस जीत में बल्लेबाजों और गेंदबाजों दोनों का योगदान रहा. इस जीत के साथ ही भारत ने पांच मैचों की टेस्ट सीरीज में 2-1 की बढ़त बना ली है. ओवल के मैदान पर 50 साल बाद भारत ने जीत दर्ज की है.उसने इससे पहले 1971 में अजीत वाडेकर की कप्तानी में ओवल में टेस्ट मैच जीता था.
इंग्लैंड ने टॉस जीतकर पहले भारत को पहले बल्लेबाजी का न्यौता दिया था. इंग्लैंड के गेंदबाजों ने अपने कप्तान जो रूट के फैसले को सही साबित किया और टीम इंडिया को 191 रनों पर ऑल आउट कर दिया. क्रिस वोक्स ने सबसे ज्यादा 4 विकेट झटके थे. ऑली रॉबिन्सन के खाते में 3 विकेट आए. टीम इंडिया की ओर से शार्दुल ठाकुर ने सबसे ज्यादा 57 रन बनाए. कप्तान कोहली ने 50 रनों की पारी खेली.
इंग्लैंड जब बल्लेबाजी करने उतरी तो उसकी शुरुआत खराब रही. जसप्रीत बुमराह ने 6 के स्कोर पर इंग्लैंड के ओपनर्स रोरी बर्न्स और हसीब हमीद को आउट कर दिया. इसके बाद डेविड मलान और जो रूट ने तीसरे विकेट के लिए 46 रनों की साझेदारी की.
भारत ने अपने गेंदबाजों की शानदार गेंदबाजी के दम पर यहां द ओवल में खेले गए चौथे टेस्ट मैच के पांचवें और अंतिम दिन सोमवार को इंग्लैंड को 157 रनों से हरा कर पांच मैचों की सीरीज में 2-1 की बढ़त हासिल कर ली. भारत ने पहली पारी में 191 रन बनाए थे, जबकि इंग्लैंड की पहली पारी 290 रन पर ऑल आउट हुई थी और उसे 99 रनों बढ़ मिली थी.
बुमराह ने तोड़ा कपिल का रिकार्ड
इंग्लैंड के खिलाफ ओवल में खेले जा रहे टेस्ट सीरीज के चौथे मैच में टीम इंडिया के स्टार तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह ने इतिहास रच दिया है. उन्होंने टेस्ट क्रिकेट में 100 विकेट हासिल कर लिया है. ये कारनामा उन्होंने सिर्फ 24 मैचों में किया. उन्होंने इसके साथ ही महान ऑलराउंडर कपिल देव का रिकॉर्ड तोड़ दिया है. जसप्रीत बुमराह टेस्ट में भारत के लिए सबसे तेज 100 विकेट लेने वाले पेस बॉलर बन गए हैं. कपिल देव की बात करें तो उन्होंने 25 टेस्ट मैचों में 100 विकेट पूरे किए थे. बुमराह ने ओवल टेस्ट के पांचवें दिन ऑली पोप को बोल्ड कर टेस्ट क्रिकेट में 100 पूरे विकेट पूरे किए. भारत के लिए अब तक 7 तेज गेंदबाजों ने टेस्ट क्रिकेट में 100 या उससे ज्यादा विकेट लिए हैं. इस लिस्ट में कपिल देव, जहीर खान, जवागल श्रीनाथ, ईशांत शर्मा, करसन घावरी, इरफान पठान और मोहम्मद शमी का नाम शामिल है. ओवरऑल भारत के लिए टेस्ट में सबसे ज्यादा टेस्ट विकेट लेने के मामले में अनिल कुंबले पहले स्थान पर हैं. उनके नाम 619 विकेट दर्ज है. जबकि सबसे तेज 100 विकेट लेने का रिकॉर्ड रविचंद्रन अश्विन के नाम दर्ज है. उन्होंने अपने 18वें मैच में ये कारनामा किया था.