Sachin-Dravid interesting story : सचिन और द्रविड़ के मास्टरप्लान से चिढ़ गया था दिग्गज ऑलराउंडर क्रिस केयर्न्स, झल्ला उठा था बुरी तरह, पूरी स्टोरी जान होंगे हैरान
Sachin-Dravid interesting story : ये कहानी साल 1999 की है, जब न्यूजीलैंड की टीम तीन टेस्ट मैचों की श्रृंखला खेलने के लिए भारत आयी थी। मोहाली में खेले गये पहले टेस्ट मैच में टीम इंडिया की डूबती नैया को पार लगाने के लिए सचिन तेंदुलकर और राहुल द्रविड़ ने एक तरकीब निकाली, जिससे कीवी ऑलराउंडर झल्ला उठा।
Sachin-Dravid interesting story : विश्व के महानतम बल्लेबाज मास्टर ब्लास्टर सचिन तेंदुलकर और मिस्टर भरोसेमंद के नाम से विख्यात राहुल द्रविड़ ने अपनी कई यादगार पारियों से भारत को गौरवांवित किया है। कई लंबी शतकीय साझेदारियां कर टीम इंडिया की मंझधार में फंसी नैया को भी पार लगाया है लेकिन साल 1999 में इन दोनों के साथ एक ऐसा वाकया हुआ, जब न्यूजीलैंड के दिग्गज ऑलराउंडर क्रिस केयर्न्स बुरी तरह से बौखला और झल्ला उठे थे।
मोहाली टेस्ट मैच में हुई दिलचस्प घटना
ये पूरा वाकया है साल 1999 का, जब न्यूजीलैंड की टीम तीन टेस्ट मैचों की श्रृंखला खेलने भारत दौरे पर आयी थी और सचिन तेंदुलकर टीम की कप्तानी कर रहे थे। मोहाली में खेले गये पहले टेस्ट मैच में ही भारतीय क्रिकेट टीम मुश्किल में फंस गयी। न्यूजीलैंड के तेज गेंदबाज डियॉन नैश ने 6 विकेट झटककर टीम इंडिया को ताश के पत्तों की तरह बिखेर दिया। भारतीय टीम पहली पारी में मात्र 83 रनों पर ऑलआउट हो गई लेकिन भारतीय गेंदबाजों ने भी शानदार गेंदबाजी की और कीवी टीम को पहली पारी में 215 रनों पर समेट दिया लेकिन भारत की दूसरी पारी घटनाविहीन नहीं रही।
सचिन तेंदुलकर ने लगायी गजब की तरकीब
दरअसल, दूसरी पारी में कीवी ऑलराउंडर क्रिस केयर्न्स ने बेहतरीन रिवर्स स्विंग का स्पेल फेंका। इस स्पेल में दिग्गज हरफनमौला खिलाड़ी ने राहुल द्रविड़ और सचिन तेंदुलकर को बेहद परेशान किया। सचिन तेंदुलकर के मुताबिक क्रिस गेंद के चमकदार हिस्से को इतनी अच्छी तरह छिपाते थे कि हमें पता नहीं चल पाता था कि गेंद किस तरफ स्विंग होने वाली है। तब सचिन तेंदुलकर ने एक तरकीब निकाली और ये तय किया कि अगर वे नॉन स्ट्राइकर छोर पर खड़े रहेंगे तो गेंदबाज द्वारा पकड़े गये ग्रिप का पता लगाएंगे कि बॉल का चमकदार हिस्सा किस तरफ है। अगर यह गेंद के बाहर की तरफ है तो बल्ला अपने बाएं हाथ में पकड़ेंगे ताकि राहुल द्रविड़ को ये संकेत मिल जाए कि गेंद उनसे दूर स्विंग होने वाली है। अगर चमकदार हिस्सा अंदर की तरफ रहा तो बल्ला दायें हाथ में पकड़ेंगे ताकि अंदर आने वाली गेंद के लिए राहुल द्रविड़ तैयार रहें।
बुरी तरह झल्ला उठे क्रिस केयर्न्स
सचिन तेंदुलकर द्वारा बनाई गई ये योजना आश्चर्यजनक रूप से कारगर रही और जल्द ही वे दोनों कीवी गेंदबाज पर हमला करने में कामयाब रहे। हालांकि, सचिन-द्रविड़ की इस तरकीब को क्रिस केयर्न्स भांप गये और क्रॉस सिम गेंद पकड़कर फेंकी। इसके बाद सचिन तेंदुलकर ने तुरंत अपने बल्ले को बीच में पकड़ लिया ताकि राहुल द्रविड़ को अंदाजा मिल जाए कि गेंद किस तरफ मुड़ेगी, उन्हें भी नहीं पता।
क्रास सिम गेंद फेंकने के बाद क्रिस केयर्न्स तुरंत सचिन तेंदुलकर की तरफ मुड़कर देखने लगे कि उनका रिएक्शन क्या है? इस दौरान सचिन तेंदुलकर ने बल्ले को अपने बीच में पकड़ रखा था। सचिन की इस तरकीब से क्रिस केयर्न्स बुरी तरह झल्ला उठे लेकिन दूसरी तरफ सचिन तेंदुलकर और राहुल द्रविड़ ये जंग जीतने में कामयाब रहे।
इस पारी में सचिन तेंदुलकर और राहुल द्रविड़ दोनों ने शतक जमाया और टीम इंडिया ने 3 विकेट के नुकसान पर 505 रनों का विशाल स्कोर खड़ा कर टेस्ट मैच को ड्रॉ करा दिया। इसके बाद कानपुर में खेले गये दूसरे टेस्ट मैच में टीम इंडिया ने कीवी टीम को पराजित कर सीरीज में बढ़त बना ली।