IPL 2026 : सनराइजर्स हैदराबाद को लगा एक और बड़ा झटका, कप्तान पैट कमिंस के बाद अब ये धांसू ऑलराउंडर भी हुआ बाहर
IPL 2026 : IPL 2026 की शुरुआत से पहले सनराइजर्स हैदराबाद को एक के बाद एक ताबड़तोड़ झटके लग रहे हैं। पैट कमिंस के बाद अब फास्ट बॉलिंग ऑलराउंडर भी चोटिल होने की वजह से टीम से बाहर हो गया है।
इमेज सोर्स - गूगल
IPL 2026 : IPL 2026 की शुरुआत होने में चंद दिन शेष हैं लेकिन सभी टीमें अपने प्लेइंग 11 को लेकर माथापच्ची करती दिख रही हैं। दरअसल, अधिकांश खिलाड़ी चोट की समस्या से जूझ रहे हैं। इस बीच सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) को एक और बड़ा झटका लगा है। कप्तान पैट कमिंस के बाद अब एक धांसू ऑलराउंडर आईपीएल 2026 से बाहर हो गया है।
सनराइजर्स को लगा एक और तगड़ा झटका
ऑस्ट्रेलिया के फास्ट बॉलिंग ऑलराउंडर जैक एडवर्ड्स पैर की चोट की समस्या की वजह से आईपीएल 2026 से बाहर हो गये हैं। 25 साल के जैक एडवर्ड्स को सनराइजर्स हैदराबाद ने नीलामी के दौरान तीन करोड़ रुपये में खरीदा था। उनपर टीम मैनेजमेंट की नजरें टिकी थी क्योंकि वे तेज गेंदबाजी के साथ-साथ बल्लेबाजी में फिनिशर का रोल बखूबी निभा सकते थे।
SRH की बढ़ी मुश्किलें
फिलहाल जैक एडवर्ड्स का आईपीएल 2026 में न खेल पाना सनराइजर्स हैदराबाद के लिए बड़ा झटका माना जा रहा है क्योंकि इससे पहले SRH के नियमित कप्तान पैट कमिंस के भी चोटिल होने की खबर सामने आयी थी। वे भी आईपीएल 2026 (IPL 2026) के शुरुआती मुकाबलों से बाहर हो गये हैं। वे अबतक पीठ की चोट से उबर नहीं पाए हैं। उन्होंने दिसंबर 2025 में एडिलेड में आखिरी टेस्ट मैच खेला था।
पैट कमिंस की गैरमौजूदगी में पटना के लाल और युवा बल्लेबाज ईशान किशन सनराइजर्स हैदराबाद की कप्तानी करते दिखेंगे। SRH का पहला मैच 28 मार्च को बेंगलुरु में RCB के साथ होगा।