मूक-बधिर नाबालिक बच्चियों से रेप और छेड़छाड़ मामला: केयर टेकर और चौकीदार को जेल, छात्रावास अधीक्षक को कलेक्टर ने किया सस्पेंड, रात भर दिव्यांग हॉस्टल में किया गया हैवानियत का नंगा नाच
जशपुर 25 सितंबर 2021। मूक बधिर लड़कियों के छात्रावास में नाबालिग बच्चियों से रेप और छेड़छाड़ के आरोपी केयर टेकर और चौकीदार को पुलिस ने आज जेल भेज दिया। वहीं घटना के दौरान हॉस्टल से गायब छात्रावास अधीक्षक को कलेक्टर महादेव कावरे ने निलंबित भी कर दिया है।
दिव्यांग लड़कियों के हॉस्टल में 22 सितंबर की रात शराब के नशे में केयर टेकर और चौकीदार ने हैवानियत की पराकाष्ठा कर दी। उनकी ड्यूटी थी कि मूक-बधिरों बच्चियों की सुरक्षा करने की। लेकिन, वे शैतान बन बैठे। घटना जशपुर के राजीव गांधी शिक्षा मिशन छात्रावास की है।
घटना की रात छात्रावास अधीक्षक संजय राम भी हॉस्टल से गायब थे। जानकारों का कहना है कि छात्रावास अधीक्षक अगर हॉस्टल में होते तो यह घटना नहीं होती। अधीक्षक के गायब रहने से दोनों आरोपियों का हौसला बढ़ा। बताते हैं, हास्टल अधीक्षक हॉस्टल से अक्सर गायब रहते हैं। 22 सितंबर की रात भी ऐसा ही हुआ। केयर टेकर और चौकीदार ने रात में मुर्गा, दारु की पार्टी की। नशा जब सिर चढ़कर बोलने लगा तो दोनों में हैवानियत जाग गई। और बोल, सुन नहीं पाने वाली बच्चियों के कमरे की ओर चल दिए। दोनों ने हॉस्टल में इतना उत्पात मचाया कि लड़कियां दुबक कर किसी तरह जान बचाई। लेकिन, आधा दर्जन बच्चियां इनकी चपेट में आ गई। एक के साथ रेप किया गया बाकी पांच के साथ छेड़छाड़। बच्चियों की चीख-पुकार सुनकर महिला स्वीपर आई तो दोनों ने उसे बाथरुम में बंद कर फरार हो गए।
इधर बच्चियों से रेप और छेड़छाड़ की घटना के बाद 23 सितंबर को महिला स्वीपर जशपुर थाने पहुंची और इसकी शिकायत दर्ज कराई। पुलिस में शिकायत दर्ज होने के बाद एसपी विजय अग्रवाल ने मामले को गंभीरता से लेते हुये दुभाषियों की मदद से पीड़ित बच्चियों का बयान दर्ज किया और दोनों आरोपियो के खिलाफ 376 पॉक्सो एक्ट, 354, 363 के तहत मामला दर्ज किया गया। साथ ही दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया गया। कोर्ट में पेशी के बाद दोनों आरोपियों को जेल भेज दिया गया है।