बिहार में शराब पीने से अब तक 1300 से अधिक लोगों की मौत, तेजस्वी यादव ने आंकड़े जारी कर शराबबंदी पर उठाए सवाल, मोतिहारी में मौतों के बाद सुलगी सियासत

Bihar Politics: मोतिहारी में जहरीली शराब पीने से चार लोगों की मौत के बाद सियासत तेज हो गई है। नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने नीतीश सरकार पर सवाल उठाए हैं।

Update: 2026-04-03 10:29 GMT

Tejashwi Yadav On liquor Ban Bihar : बिहार के मोतिहारी में जहरीली शराब पीने से चार लोगों की मौत की घटना के बाद शराबबंदी कानून पर फिर से सियासत गरम हो गई है। इसे लेकर विपक्ष हमलावर हो गया है। नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर आंकड़े जारी कर बिहार में शराबबंदी से मौतों को लेकर बड़ा दावा किया है।

तेजस्वी यादव ने अपने पोस्ट में लिखा है कि मोतिहारी में जहरीली शराब के कारण 4 लोगों की मौत। 6 लोगों की आंखों की रोशनी जाना और कई लोगों की हालत गंभीर होना अत्यंत दुखद है। यह घटना फिर एनडीए सरकार के शराबबंदी कानून की विफलता और उसकी गंभीर खामियों को उजागर करती है।

यह तो सरकारी आंकड़ा, हकीकत में कहीं अधिक मौतें

तेजस्वी यादव ने आगे लिखा-हालांकि यह बिल्कुल भी पहली बार नहीं है। उपलब्ध आंकड़ों के अनुसार शराबबंदी लागू होने के बाद से अब तक बिहार में जहरीली शराब पीने से 1300 से अधिक लोगों की मौत हो चुकी है। यह केवल सरकारी आंकड़ा है। हकीकत में यह संख्या इससे कहीं अधिक है। इतना ही नहीं कई दर्जन लोग अपनी आंखों की रोशनी भी खो चुके हैं। शराबबंदी कानून का मूल उद्देश्य पूरी तरह भटक चुका है। यह कानून सत्ताधारी भाजपा, जदयू के कुछ नेताओं, भ्रष्ट अफसरों और उनके संरक्षण में पल रहे शराब माफियाओं एवं भ्रष्ट तंत्र के लिए कमाई का कमाऊ पूत बन गया है।

खुलेआम जहरीली शराब बनाए जाने का दावा

राजद नेता ने यह भी दावा किया कि प्रदेश में खुलेआम जहरीली शराब बन रही है। पुलिस की मिलीभगत से धड़ल्ले से बेची जा रही है। घर-घर होम डिलीवरी हो रही। सरकार की नाक के नीचे सब चल रहा है। इसकी कीमत गरीब और आम लोग अपनी जान देकर चुका रहे हैं।

मोतिहारी की क्या है घटना?

दरअसल, मोतिहारी में शराब पीने से पिछले दो दिनों में चार लोगों की मौत हो चुकी है। छह लोगों की आंखों की रोशनी जा चुकी है। इनमें से तीन की हालत गंभीर है। एसपी ने सख्त कार्रवाई करते हुए स्थानीय थानेदार को सस्पेंड कर दिया है। वहीं, पूरे मामले की जांच के लिए एक एसआईटी का गठन किया गया है। अस्पताल में भर्ती लोगों ने बताया है कि शराब पीने के बाद अचानक उन्हें तेज पेट दर्द, उल्टी और बेचैनी होने लगी। फिर आंखों से दिखना बंद हो गया। 

Tags:    

Similar News