Chhattisgarh News: CG कार्यकारिणी की बैठक: कांग्रेस ने किया बड़े आंदोलन का ऐलान, बीजेपी ने दी सलाह- निकालो माफी यात्रा

Chhattisgarh News:

Update: 2024-09-13 14:46 GMT

Chhattisgarh News: रायपुर। प्रदेश कांग्रेस की कार्यकारिणी की आज बैठक हुई। इसमें प्रदेश की कानून व्‍यवस्‍था की स्थिति को लेकर पार्टी ने पद यात्रा करने का फैसला किया है। कांग्रेस के इस ऐलान पर बीजेपी ने पटलवार किया है। पार्टी ने पदयात्रा के स्‍थान पर माफी यात्रा निकालने की सलाह दी।

जल्‍द घोषित करेंगे पदयात्रा का रुट और तारीख

प्रदेश कांग्रेस कार्यकारणी की महत्वपूर्ण बैठक प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज की अध्यक्षता में राजीव भवन में संपन्न हुई। बैठक में रायपुर दक्षिण विधानसभा उपचुनाव की तैयारी एवं रणनीति पर तथा आसन्न नगरीय निकाय चुनाव की तैयारी व रणनीति पर एवं प्रदेश में लचर कानून व्यवस्था को लेकर तथा संगठनात्मक कार्यक्रमों को गति प्रदान करने पर व्यापक चर्चा हुई। बैठक में कुछ पदाधिकारियों ने सुझाव दिया कि बलौदाबाजार मामले में निर्दोषों की गिरफ्तारी तथा बिगड़ती कानून व्यवस्था को लेकर पदयात्रा निकालने का सुझाव दिया गया, जिस प्रदेश अध्यक्ष ने भी शीघ्र निर्णय लेकर यात्रा का मार्ग और तिथि घोषित करने के लिये कहा।

बैठक को संबोधित करते हुये प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने कहा कि पदाधिकारियों की सक्रियता और कर्मठता से हम सरकार के जनविरोधी नीतियों के खिलाफ आंदोलन चला रहे। कानून व्यवस्था की खराब स्थिति को लेकर हमने सरकार को कटघरे में खड़ा किया। मुख्यमंत्री को मजबूरन एसपी, कलेक्टर कांफ्रेंस बुलाना पड़ रहा। कानून व्यवस्था सुधारने की हिदायत देना पड़ रहा है। जब तक प्रदेश की एक भी नागरिक असुरक्षित है हम शांत नहीं बैठेंगे।

संगठन को लगातार सक्रिय बनाने के लिए प्रदेश अध्यक्ष दीपक बैज के प्रति धन्यवाद का प्रस्ताव पदाधिकारियों ने दिया। बैठक में प्रदेश कांग्रेस के प्रभारी महामंत्री मलकीत सिंह गैदू, उपाध्यक्षगण प्रतिमा चंद्राकर, अंबिका मरकाम, पी.आर. खुंटे, प्रेमंचद जायसी, प्रदेश कांग्रेस संचार विभाग अध्यक्ष सुशील आनंद शुक्ला, महामंत्रीगण प्रशांत मिश्रा, नरेश ठाकुर, डॉ. थानेश्वर पाटिला, राजेन्द्र साहू, आरती सिंह, सकलेन कामदार, सीमा वर्मा, कन्हैया अग्रवाल, शाहिद खान, दीपक दुबे, सुबोध हरितवाल, सदस्य कार्यसमिति लालजी चंद्रवंशी, गंगा पोटाई, भोलाराम साहू, आदिवासी कांग्रेस अध्यक्ष जनक धु्रव, युवा कांग्रेस अध्यक्ष आकाश शर्मा, प्रदेश कांग्रेस सेवादल प्रमुख अरूण ताम्रकार, कांग्रेस पिछड़ा विभाग अध्यक्ष केशव चंद्राकर, अंसगठित क्षेत्र समस्या निवारण अध्यक्ष मो. सिद्दीक उपस्थित थे।

कांग्रेस के सभी नेता घर घर जाकर माफी मांगे तो भी नही मिलेगी:केदार गुप्ता

भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता केदारनाथ गुप्ता ने कांग्रेस द्वारा निकाली जाने वाली पदयात्रा को कांग्रेस का एक और नया शिगूफा बताते हुए कहा है कि यह पदयात्रा मुद्दाविहीन कांग्रेस के राजनीतिक अस्तित्व को बचाने की निरर्थक सियासी कवायद ही साबित होगी। गुप्ता ने कहा अपने पाँच साल के शासनकाल में कांग्रेस ने प्रदेश में अन्याय, अत्याचार, माफियागिरी, वादाखिलाफी, हर वर्ग के साथ छल-कपट और घपले-घोटालों के जरिए प्रदेश के खजाने की लूट की सारी हदें लांघकर जो अपराध प्रदेश की जनता के साथ किया है, उससे जनता-जनार्दन का अब कांग्रेस पर रंचमात्र भी विश्वास नहीं रह गया है।

भाजपा प्रदेश प्रवक्ता गुप्ता ने कहा कि कांग्रेस जो पदयात्रा निकाल रही है, दरअसल उसका नाम माफी पदयात्रा होना चाहिए। कांग्रेस की भूपेश-सरकार ने पाँच साल के कार्यकाल में छत्तीसगढ़ को कर्ज में डुबो दिया। कोयला, शराब, रेत, जमीन, गौठान, गोबर, यहां तक कि गरीबों के चावल में भी भूपेश सरकार ने घोटाला कर डाला और छत्तीसगढ़ को कर्ज में डुबा दिया। गुप्ता ने कहा कि अब विधानसभा और लोकसभा चुनावों में प्रदेश की जनता ने कांग्रेस और उसकी प्रदेश सरकार को सत्ता से उखाड़ फेंका, तब कांग्रेसियों को पद यात्रा निकालने की सूझी है। निश्चित रूप से कांग्रेस के सभी मौजूदा वपूर्व विधायकों समेत सारे पूर्व मंत्रियों, सबको प्रदेशभर में घूम-घूमकर जनता से माफी मांगनी चाहिए, हालाँकि यह भी उतना ही सच है कि छत्तीसगढ़ प्रदेश की जनता कांग्रेस के शासन से त्रस्त हो चली थी और अब वह कांग्रेस को कभी माफ करने वाली नहीं है।

Tags:    

Similar News