कौन हैं राजीव वर्मा? जो अब संभालेंगे दिल्ली के नए चीफ सेक्रेट्री का पदभार, जानें कैसे पूरा किया IIT से लेकर रक्षा मंत्रालय तक का सफर

Who is IAS Rajiv Verma: दिल्ली के नए मुख्य सचिव का ऐलान हो गया है। 1992 बैच के वरिष्ठ IAS अधिकारी राजीव वर्मा को दिल्ली का नया मुख्य सचिव नियुक्त किया गया है।

Update: 2025-10-01 13:40 GMT

IAS Rajeev Verma Profile

नई दिल्ली। दिल्ली के नए मुख्य सचिव का ऐलान हो गया है। 1992 बैच के वरिष्ठ IAS अधिकारी राजीव वर्मा को दिल्ली का नया मुख्य सचिव नियुक्त किया गया है। वे मौजूदा मुख्य सचिव धर्मेंद्र की जगह लेंगे, जो 30 सितंबर को रिटायर हो गए है।

जानिए कौन हैं IAS राजीव वर्मा?

जानकारी के अनुसार, राजीव वर्मा उत्तर प्रदेश के मूल निवासी हैं और AGMUT कैडर से आते हैं। उनका जन्म 12 दिसंबर 1966 को हुआ था। उन्होंने आईआईटी रुड़की से कंप्यूटर साइंस में बीटेक और एमटेक किया है। इसके अलावा उनके पास MA (इकोनॉमिक्स) की डिग्री भी है। पढ़ाई के दौरान ही उन्होंने UPSC की तैयारी शुरू की और 25 साल की उम्र में सिविल सेवा में चयनित हो एसडीएम बन गए।

पहली पोस्टिंग से लेकर अब तक का सफर

 जिसके बाद उनकी पहली पोस्टिंग 1994 में मिजोरम के आइजोल में एसडीएम के तौर पर हुई थी। इसके बाद उन्होंने अरुणाचल प्रदेश, पुडुचेरी और चंडीगढ़ जैसे केंद्र शासित प्रदेशों में मुख्य सचिव के रूप में काम किया। इसके आलावा 2022 से लेकर 2024 तक वे चंडीगढ़ के राज्यपाल के सलाहकार और फिर मुख्य सचिव के पद पर भी रहे है।

दिल्ली से रहा पुराना नाता

वहीं, राजीव वर्मा का दिल्ली से भी गहरा रिश्ता रहा है। साल 2018 से 2022 तक वे दिल्ली सरकार में वित्त और राजस्व विभाग के प्रधान सचिव और आयुक्त रहे थे। इस दौरान उन्होंने टैक्स सिस्टम को आसान बनाने पारदर्शिता बढ़ाने और कर संग्रह में सुधार के लिए कई अहम कदम उठाया था। इसके अलावा वे दिल्ली के परिवहन विभाग में भी महत्वपूर्ण पदों पर भी कार्य कर चुके हैं।

इन जगहों पर निभाई विशेष भूमिका

वर्ष 2017-2018 में वे दिल्ली विकास प्राधिकरण (DDA) में हाउसिंग और अर्बन अफेयर्स के प्रधान आयुक्त रहे। इससे पहले वर्ष 2013 से 2017 तक रक्षा मंत्रालय में संयुक्त सचिव के रूप में कार्य करते हुए उन्होंने राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़े कई बड़े अहम मुद्दों पर काम किया। इसके अलावा वे ऊर्जा मंत्रालय और स्वास्थ्य मंत्रालय में भी प्रमुख पदों पर रह चुके हैं।

इन कार्यों के लिए है जाने जाते

जानकारी के अनुसार, पुदुचेरी और चंडीगढ़ में मुख्य सचिव रहते हुए उन्होंने प्रशासनिक सुधारों को आगे बढ़ाया। उनकी पहचान एक ऐसे अधिकारी के तौर पर है जो नई सोच, तकनीकी समझ और ईमानदारी से काम करने के लिए जाने जाते हैं। उन्होंने कई इनोवेटिव मॉडल पेश किए जो स्थानीय समस्याओं के समाधान में मददगार साबित हुए है।

AGMUT कैडर क्या है?

AGMUT कैडर भारतीय प्रशासनिक सेवा (IAS) और भारतीय पुलिस सेवा (IPS) का एक विशेष कैडर है। इसमें अरुणाचल प्रदेश, गोवा, मिजोरम और सभी केंद्र शासित प्रदेश जैसे दिल्ली, अंडमान-निकोबार, लक्षद्वीप, पुडुचेरी, चंडीगढ़, जम्मू-कश्मीर और लद्दाख शामिल हैं। इस कैडर के अधिकारी केंद्र सरकार के अधीन होते हैं और इन्हें विभिन्न राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में तैनात किया जाता है।

कब से संभालेंगे पदभार?

सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, केंद्रीय गृह मंत्रालय ने 28 सितंबर को आदेश जारी किया कि, राजीव वर्मा को चंडीगढ़ से दिल्ली स्थानांतरित किया जाता है और वे 1 अक्टूबर यानी आज से दिल्ली के मुख्य सचिव का पदभार संभालेंगे। फिलहाल उनकी नियुक्ति को लेकर कोई खबर अब तक सामने नहीं आई है। इस खबर पर लगातार अपडेट जारी है..

Tags:    

Similar News