पंजाब में बाढ़ का कहर: संकट में साथ आए बॉलीवुड के सितारे, शाहरुख खान ने बढ़ाया मदद का हाथ
पंजाब में बाढ़ आपदा की वजह से भारी जान-माल का नुकसान हुआ है। प्रभावित क्षेत्रों में लोग मदद का हाथ बढ़ा रहे हैं। बॉलीवुड अभिनेता शाहरुख खान ने भी अपने एनजीओ मीर फाउंडेशन के जरिए बाढ़ पीड़ितों को राहत सामग्री पहुंचाई है।
चंडीगढ़। देशभर में इस समय कई राज्य बाढ़ की भयानक मार झेल रहे हैं। हिमाचल प्रदेश और पंजाब जैसे राज्यों में तो हालात अभी भी काफी खराब हैं, जहां आम जिंदगी पूरी तरह से ठहर गई है। लोग अपनी रोजमर्रा की जरूरतों के लिए भी संघर्ष कर रहे हैं।
इस मुश्किल घड़ी में जहां सरकार और प्रशासन राहत कार्यों में लगे हुए हैं, वहीं बॉलीवुड के कई बड़े सितारे भी पीड़ितों की मदद के लिए आगे आए हैं। सलमान खान और सोनू सूद जैसे नामों के बाद अब शाहरुख खान भी अपनी फाउंडेशन 'मीर फाउंडेशन' के जरिए पंजाब के बाढ़ पीड़ितों की मदद कर रहे हैं। उनकी टीम ने लगभग 1500 परिवारों तक जरूरी राहत सामग्री पहुंचाई है।
जरूरतमंदों को मिली मदद
खबरों के मुताबिक, शाहरुख खान का मीर फाउंडेशन पंजाब में स्थानीय NGOs (गैर सरकारी संगठनों) के साथ मिलकर काम कर रहा है। इस साझेदारी के तहत, बाढ़ प्रभावित लोगों को जरूरी सामान वाली किट्स दी जा रही हैं। इन किट्स में दवाइयों से लेकर मच्छरदानी, फोल्डिंग बेड, चादरें, और खाने-पीने का सामान जैसी चीजें शामिल हैं। फाउंडेशन खास तौर पर अमृतसर, फाजिल्का, पटियाला और फिरोजपुर जैसे जिलों में 1500 परिवारों तक मदद पहुंचा रहा है. इस पहल का मकसद लोगों को तुरंत स्वास्थ्य, सुरक्षा और रहने की जगह से जुड़ी मदद देना है।
बॉलीवुड के दूसरे सितारे भी आए आगे
शाहरुख खान अकेले नहीं हैं जो इस मुश्किल समय में पंजाब के साथ खड़े हैं। हमेशा मदद के लिए तैयार रहने वाले सोनू सूद ने भी पंजाब के बाढ़ पीड़ितों के लिए मदद का हाथ बढ़ाया है और उन्होंने लोगों से भी आगे आकर मदद करने की अपील की है। इसके अलावा, संजय दत्त ने भी कहा है कि वे बाढ़ प्रभावित लोगों की हर संभव मदद करेंगे। सलमान खान और रणदीप हुड्डा जैसे बड़े सितारों ने भी अपना दुख व्यक्त करते हुए मदद दी है। पंजाबी गायक और अभिनेता दिलजीत दोसांझ ने तो कई गांव गोद लिए हैं, जबकि एमी विर्क ने 200 घरों को गोद लेकर उनकी जिम्मेदारी उठाई है।
पंजाब की दशकों की सबसे भीषण बाढ़
पंजाब में यह बाढ़ दशकों की सबसे भयानक आपदाओं में से एक है। हिमाचल प्रदेश और जम्मू-कश्मीर के ऊपरी इलाकों में हुई भारी बारिश के कारण सतलुज, व्यास और रावी जैसी नदियों में उफान आ गया, जिससे कई जिले पानी में डूब गए। शाहरुख खान ने पिछले हफ्ते ही सोशल मीडिया पर एक पोस्ट लिखकर इस आपदा पर दुख जताया था और लोगों के लिए संवेदनाएं व्यक्त की थीं।
उन्होंने लिखा था, "पंजाब में इस विनाशकारी बाढ़ से प्रभावित लोगों के प्रति मेरी संवेदना है. प्रार्थनाएं और शक्ति भेज रहा हूं... पंजाब का मनोबल कभी न टूटे... ऊपरवाला उन सभी पर कृपा बनाए रखे।"
अभी भी पंजाब में हालात पूरी तरह से सामान्य नहीं हुए हैं और राहत कार्य जारी हैं। बॉलीवुड के इन सितारों की मदद से पीड़ितों को बड़ी राहत मिली है, जिससे यह साफ होता है कि मुश्किल की घड़ी में पूरा देश एक साथ खड़ा है।