24 विदेशी महिला तस्करों से मिला 37 करोड़ से अधिक का सोना, बड़े तस्कर गिरोह का भंडाफोड़
सोना का रेट बढ़ने के साथ अब तस्करी भी बढ़ने लगी है। राजस्व आसूचना निदेशालय (डीआरआई) ने एक ऐसे ही बड़े अंतरराष्ट्रीय तस्कर गिरोह का भंडाफोड़ किया है, जिसमें 24 महिलाएं हैं।
मुंबई। 10 अप्रैल 2026| सोना तस्करी के एक अजूबे मामले का खुलासा हुआ है। इसमें तस्करी करने वाली सभी विदेशी महिलाएं थीं। डीआरआई के छापे के बाद गिरोह से कुल 29.37 किलो ग्राम सोना बरामद कर लिया गया है, जिसकी अनुमानित कीमत 37 करोड़ 74 लाख रुपये आंकी गई है। तस्करी में शामिल सभी 24 महिला तस्करों को गिरफ्तार कर लिया गया है।
डीआरआई को खुफिया सूचना मिली थी कि विदेशी महिलाओं द्वारा सोने की तस्करी की जा रही है। इसके लिए अधिकारियों की टीम ने मुंबई के छत्रपति शिवाजी महाराज अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर अपना जाल बिछा लिया था। इसके बाद कल नैरोबी से पहुंची फ्लाइट पर निगरानी रखी गई। उसमें 24 विदेशी महिलाएं दिखीं, जिन पर संदेह हुआ।
यह महिलाएं बड़ी मात्रा में सोना छिपा कर यात्रा कर रही थीं। विभाग ने 'ऑपरेशन दहाबू ब्लिट्ज' चला कर इन सभी 24 विदेशी नागरिकों को रोका गया। इनकी तलाश में 25.10 किलो ग्राम की सोने की छड़ें और 4.27 किलो ग्राम के सोने के जेवर बरामद कर लिए गए।
जांच टीम ने माना है कि ये तस्कर बेहद संगठित हैं और गिरोह के रूप में काम करते हैं। तस्करी न पकड़ी जा सके, इसलिए गिरोह ने एक साथ 24 विदेशी नागरिकों का उपयोग किया था। ये सभी तस्कर प्रशिक्षित माने जा रहे हैं और सुनियोजित तरीके से काम करते हैं।