पहली बार सदन में सांसदों की हुई पिटाई… राहुल ने सरकार पर लगाए ये गंभीर आरोप

Update: 2021-08-12 01:04 GMT

नईदिल्ली 12 अगस्त 2021. केंद्र के तीन कृषि कानूनों को रद्द करने की मांग को लेकर राहुल गांधी समेत कई विपक्षी नेताओं ने गुरुवार को संसद से विजय चौक की ओर मार्च निकाला। मार्च निकालने के बाद कांग्रेस नेता राहुल गांधी मीडिया से मुखातिब हुए और केंद्र सरकार पर जमकर हमला बोला। उन्होंने कहा कि आज हमें आपसे (मीडिया) बात करने के लिए यहां आना पड़ा क्योंकि विपक्ष को संसद में बोलने की अनुमति नहीं है। यह लोकतंत्र की हत्या है। इसके अलावा उन्होंने कहा कि संसद का सत्र समाप्त हो गया है। इस दौरान 60 फीसदी देश की आवाज को कुचला गया, अपमानित किया गया। राज्यसभा में पहली बार सांसदों की पिटाई की गई, बाहर से लोगों को बुलाकर और नीली वर्दी में डालकर सांसदों से मारपीट की गई।

चेयरमैन की जिम्मेदारी सदन को चलाने की है, विपक्ष की बात सदन में क्यों नहीं रख सकते हैं. राहुल गांधी ने कहा कि देश का प्रधानमंत्री (Prime Minister) आज देश को बेचने का काम कर रहा है, दो-तीन उद्योगपतियों देश की आत्मा बेची जा रही है. विपक्ष संसद के अंदर कोई भी बात नहीं कर सकता है.

कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने कहा कि देश के 60 फीसदी लोगों की आवाज दबाई जा रही है, राज्यसभा में सांसदों के साथ बदसलूकी की गई. हमने सरकार से पेगासस मुद्दे पर चर्चा करने की बात कही, हमने किसानों, महंगाई का मुद्दा उठाया. राहुल ने कहा कि ये लोकतंत्र की हत्या है. शिवसेना सांसद संजय राउत ने कहा कि राज्यसभा में बीते दिन मार्शल लॉ लगाया गया, ऐसा लग रहा था कि हम पाकिस्तान की सीमा पर खड़े थे. सरकार हर दिन लोकतंत्र की हत्या कर रही है, हम इस सरकार के खिलाफ लड़ते रहेंगे. इनके अलावा राजद के मनोज झा, एनसीपी के प्रफ्फुल पटेल समेत अन्य विपक्षी नेताओं ने सरकार पर हमला बोला और गंभीर आरोप लगाए.

Tags:    

Similar News