मंत्री अकबर ने किया ’न्यू इंडिया समिट’ क्रेडाई आवास ऐप’ का किया शुभारंभ…बोले: प्रदेश में रियल एस्टेट के विकास को बढ़ावा देने हर संभव पहल

Update: 2020-02-15 13:15 GMT

रायपुर 15 फरवरी 2020 वन और आवास एवं पर्यावरण मंत्री मोहम्मद अकबर ने आज नवा रायपुर अटल नगर में क्रेडाई संस्था द्वारा आयोजित दो दिवसीय ’न्यू इंडिया समिट’ कार्यक्रम का शुभारंभ किया। छोटे-छोटे शहरों में भी रियल एस्टेट के विकास को बढ़ावा देने के उद््ेश्य से आयोजित इस कार्यक्रम की अध्यक्षता रेरा के अध्यक्ष विवेक ढंाड ने की। आवास मंत्री अकबर ने इस मौके पर प्रदेश ही नही अपितु देश में घर खरीदने की प्रक्रिया को पारदर्शी तथा आसान बनाने ’क्रेडाई आवास ऐप’ का भी शुभारंभ किया। यह ऐप 21 राज्यों और 220 शहरों के 20 हजार डेवलपर्स को सीधे भावी खरीददारों के साथ जोड़ेगा और भारत में रिहायशी बाजार के विकास में महत्वपूर्ण योगदान देगा।
आवास एवं पर्यावरण मंत्री अकबर ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि प्रदेश में राज्य सरकार द्वारा रियल एस्टेट क्षेत्र को बढ़ावा देने के लिए हर संभव पहल की जा रही है। इसके अंतर्गत अनेक महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए है। इनमें प्रदेश में छोटे भूखण्डों की खरीद-बिक्री पर लगी रोक को हटाया गया है। इसी तरह कलेक्टर गाइड लाईन की दरों में 30 प्रतिशत और पंजीयन शुल्क की राशि में दो प्रतिशत की कमी गई है। इससे लोगों को काफी राहत मिली है और रियल एस्टेट के क्षेत्र में काफी उछाल आया है। उन्होंने बताया कि प्रदेश में रियल एस्टेट के क्षेत्र में एक वर्ष में लगभग डेढ़ गुना तक की वृद्धि हुई है।
आवास एवं पर्यावरण मंत्री अकबर ने यह भी बताया कि इनमें सुविधा के लिए प्रदेश में एकल खिड़की प्रणाली लागू की गई है। इसके पहले प्रोजेक्ट के अनुमोदन के लिए जहां डेढ़ से दो साल का समय लग जाता था। वह अब दो-तीन महीने की अवधि में ही पूर्ण हो जाता है। अकबर ने अवगत कराया कि प्रदेश में भू-खण्ड परिवर्तन को आसान बनाने की प्रक्रिया भी जारी है। इसमें आमोद-प्रमोद और सड़क के प्रयोजन संबंधी भूमि को छोड़कर अन्य भूमि के आवासीय, औद्योगिक तथा व्यावसायिक आदि भूमि में परिवर्तन के लिए बहुत सुविधा हो जाएगी। इसके अलावा प्रदेश के 20 नगरों में अब भू-उपयोग के ऑनलाइन सेवा की सुविधा भी प्रारंभ हो गई है। उन्होंने रियल एस्टेट के व्यावसायियों को प्रदेश में कौशल विकास के कार्यक्रमों में सहयोग प्रदान करने के लिए आव्हान किया। अकबर ने रियल एस्टेट के क्षेत्र में सभी के समन्वित प्रयास से कठिनाइयों को दूर कर इसे बढ़ावा देने के लिए कार्यक्रम के आयोजन पर क्रेडाई को अपनी बधाई और शुभकामनाएं दी। इस अवसर पर भू-संपदा विनियामक प्राधिकरण (रेरा) के अध्यक्ष विवेक ढांड ने भी संबोधित किया। कार्यक्रम में क्रेडाई के सर्वश्री सतीश नागर, पंकज गोयल, आनंद सिघानियां, रवि फटनानी तथा मृृणाल गोलछा आदि उपस्थित थे।

Similar News