MP News : बाबा रामदेव के पद चिन्हों पर चले CM मोहन यादव ! सीएम उत्तराखंड दौरे पर, योग के साथ की राजनीतिक चर्चा
MP News : हरिद्वार स्थित पतंजलि योगपीठ में मुख्यमंत्री ने योगगुरु स्वामी रामदेव के साथ योगाभ्यास किया और शीर्षासन सहित विभिन्न आसनों का अभ्यास कर स्वस्थ जीवनशैली का संदेश दिया।
MP news : मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव Mp government news उत्तराखंड प्रवास के दौरान आज योग, सनातन संस्कृति और संत समागम के संदेश को लेकर चर्चा की.
गुरुवार सुबह हरिद्वार स्थित पतंजलि योगपीठ में मुख्यमंत्री ने योगगुरु स्वामी रामदेव के साथ योगाभ्यास किया और शीर्षासन सहित विभिन्न आसनों का अभ्यास कर स्वस्थ जीवनशैली का संदेश दिया।
योग केवल व्यायाम नहीं, बल्कि अनुशासन, आत्मबल और संतुलित जीवन का माध्यम
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव बुधवार से हरिद्वार में हैं। योगाभ्यास के दौरान उन्होंने कहा कि योग केवल व्यायाम नहीं, बल्कि अनुशासन, आत्मबल और संतुलित जीवन का माध्यम है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में योग आज भारत की प्राचीन परंपरा से निकलकर वैश्विक जन-आंदोलन बन चुका है। उन्होंने आमजन से योग को अपनी दिनचर्या में शामिल करने की अपील की।
इधर, दिल्ली में भाजपा की संगठनात्मक गतिविधियां भी सक्रिय रहीं। मुख्यमंत्री के साथ दिल्ली गए भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने मध्य प्रदेश के लोकसभा और राज्यसभा सांसदों के साथ सहभोज और संवाद में हिस्सा लिया। केंद्रीय मंत्री दुर्गादास उइके के निवास पर आयोजित इस बैठक में संगठनात्मक समन्वय, राजनीतिक हालात और प्रदेश के विकास से जुड़े मुद्दों पर चर्चा हुई। इस अवसर पर प्रदेश अध्यक्ष ने सांसदों से सुझाव लेकर संगठन को और मजबूत करने पर जोर दिया।
योगाभ्यास के बाद मुख्यमंत्री ने कन्या गुरुकुल का भ्रमण किया, जहां उन्होंने संस्कार, साधना और सकारात्मक ऊर्जा से भरे वातावरण का अनुभव किया। उन्होंने कहा कि ऐसे संस्थान भारतीय संस्कृति और मूल्यों को आगे बढ़ाने में अहम भूमिका निभा रहे हैं। हरिद्वार प्रवास के दौरान मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव समन्वय सेवा ट्रस्ट द्वारा आयोजित अनन्त श्रीविभूषित परम गुरुदेव स्वामी सत्यमित्रानन्द गिरि महाराज के गुरुदेव समाधि मंदिर प्राण प्रतिष्ठा मूर्ति स्थापना समारोह एवं संत समागम कार्यक्रम में भी शामिल हुए।
आदि शंकराचार्य का योगदान अतुलनीय
मुख्यमंत्री ने कहा कि सनातन संस्कृति को नए आयाम देने में आदि शंकराचार्य का योगदान अतुलनीय है और मध्य प्रदेश की धरती से उनका विशेष नाता रहा है। उन्होंने कहा कि भारत को अपने हिंदुत्व पर गर्व है और सनातन परंपरा को जीवंत बनाए रखने के लिए संत समाज और सरकार मिलकर कार्य कर रहे हैं।
सिंहस्थ-2028 के लिए महात्माओं को किया आमंत्रित
मुख्यमंत्री ने संत महात्माओं को उज्जैन में प्रस्तावित सिंहस्थ-2028 के लिए आमंत्रित करते हुए कहा कि राज्य सरकार भव्य और दिव्य सिंहस्थ आयोजन के लिए सभी जरूरी व्यवस्थाएं और विकास कार्य कर रही है।
कार्यक्रम में मौजूद जूनापीठाधीश्वर आचार्य महामंडलेश्वर स्वामी अवधेशानंद गिरि महाराज ने मुख्यमंत्री को सिंहस्थ-2028 के सफल आयोजन के लिए शुभकामनाएं दीं।