MP के किसानों को बड़ी राहत: CM मोहन यादव ने किसानों खाते में डाले 20.6 करोड़, बोले- 'संकट में सरकार हमेशा आपके साथ'

मध्य प्रदेश में इस बार हुई भारी बारिश ने कई जिलों में बाढ़ के हालत पैदा कर दिए, बाँध ओवर फ्लो होने लगे जिसके चलते कई बार गेट खोलकर पानी निकालना पड़ा, कई जिलों में किसानों की फसल ख़राब हो गई, ऐसे में सरकार ने मदद का हाथ बढ़ाया और मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने अपनी घोषणा के मुताबिक अधिक प्रभावित जिलों के किसानों को आज 20.6 करोड़ रुपये राहत राशि ट्रांसफर की।

Update: 2025-09-06 09:45 GMT

CM Mohan Yadav deposited 20.6 crores in the farmers' accounts, said- 'The government is always with you in times of crisis'...

भोपाल। मध्य प्रदेश के किसानों के लिए एक बड़ी राहत भरी खबर सामने आई है। भारी बारिश और बाढ़ से फसलें गंवा चुके 11 जिलों के 17,500 से ज्यादा किसानों के लिए मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने एक बड़ा कदम उठाया है। उन्होंने एक ही क्लिक में 20.6 करोड़ रुपये की राहत राशि सीधे इन किसानों के बैंक खातों में ट्रांसफर कर दी।

यह राशि उन अन्नदाताओं के लिए जीवन रेखा साबित हुई है, जो मानसून की मार से बुरी तरह प्रभावित हुए थे। मुख्यमंत्री ने वर्चुअल बातचीत के जरिए प्रभावित किसानों से उनकी परेशानियां भी सुनीं और उन्हें आश्वासन दिया कि, सरकार हर मुश्किल में उनके साथ खड़ी है।

क्या थी किसानों की समस्या?

इस साल प्रदेश में बेमौसम और तेज बारिश ने किसानों की मेहनत पर पानी फेर दिया। शिवपुरी, बुरहानपुर और दमोह जैसे 11 जिलों में 12 हजार हेक्टेयर से ज्यादा खेती बर्बाद हो गई। इस आपदा में 394 लोगों की जान गई और 5,000 से ज्यादा घर तबाह हो गए। फसलों के नुकसान से किसानों की कमर टूट गई थी। ऐसे में यह सरकारी मदद उनके लिए बहुत जरूरी थी।


सिर्फ 'सिंगल क्लिक' का चमत्कार

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने भोपाल के समत्व भवन से एक सिंगल क्लिक के जरिए 20.6 करोड़ रुपये की राशि ट्रांसफर की। यह डिजिटल तरीका बेहद तेज और पारदर्शी साबित हुआ, जिससे बिना किसी देरी के राहत राशि सीधे किसानों तक पहुंची।

मुख्यमंत्री ने कहा, "हमारी सरकार का लक्ष्य 'संवेदनशील शासन और त्वरित राहत' है। किसानों का कल्याण हमारी सबसे बड़ी प्राथमिकता है।" उन्होंने बताया कि 2025-26 के इस साल में अब तक प्राकृतिक आपदाओं से प्रभावित लोगों को कुल ₹188.52 करोड़ की मदद दी जा चुकी है।

मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के किसान हितैषी दृष्टिकोण की भी तारीफ की और कहा कि पीएम मोदी किसानों को मजबूत बनाने के लिए लगातार काम कर रहे हैं। उन्होंने यह भी कहा, "किसान और जवान दोनों ही देश की रीढ़ हैं।"

आपको बता दें कि, सरकार ने बाढ़ से प्रभावित क्षेत्रों का सर्वे तेज करने के निर्देश दिए हैं। इसके साथ ही, खाद की सही मात्रा में उपलब्धता और उसका सही वितरण सुनिश्चित करने के लिए कलेक्टरों को जिम्मेदार बनाया गया है। प्रभावित किसानों को फसल बीमा और अन्य सरकारी योजनाओं का लाभ भी दिलाया जाएगा।

Tags:    

Similar News