जबलपुर न्यूज़: सिहोरा में मंदिर में तोड़फोड़ के बाद बवाल, दो गुटों में पथराव से तनाव; भारी पुलिस बल तैनात।

जबलपुर जिले के सिहोरा थाना अंतर्गत आजाद चौक इलाके में बीती रात मंदिर में आरती के दौरान युवक पर दूसरे समुदाय के लोगों ने हमला कर दिया जिससे भारी बवाल हो गया

Update: 2026-02-20 05:40 GMT

मध्य प्रदेश के जबलपुर में आरती के दौरान दो गुटों के बीच मारपीट और तोड़फोड़ का मामला सामने आया है. मालूम हो की जबलपुर जिले के सिहोरा थाना अंतर्गत आजाद चौक इलाके में बीती रात मंदिर में आरती के दौरान एक युवक पर दूसरे समुदाय के लोगों ने हमला कर दिया जिससे भारी बवाल हो गया. मामला यहाँ नहीं थमा बल्कि उपद्रवी तत्वों ने दुर्गा मंदिर में घुसकर तोड़फोड़ भी की.

इस घटना के बाद पूरे इलाके में सांप्रदायिक तनाव फैल गया देखते ही देखते हालात बेकाबू हो गए और दोनों तरफ से पथराव शुरू हो गया. जिसके बाद पुलिस को स्थिति नियंत्रण में लाने के लिए आंसू गैस के गोले छोड़ने पड़े.​ घटना की जानकारी मिलते ही जबलपुर रेंज के आईजी, डीआईजी, कलेक्टर, एसपी सहित जिला प्रशासन और पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी बड़ी संख्या में बल के साथ मौके पर पहुँचे. अधिकारियों ने हालात पर नियंत्रण पाने के लिए इलाके में सुरक्षा घेरा बनाकर स्थिति को शांत कराया.

क्या है मामला 

सिहोरा के वार्ड नंबर 5 स्थित आजाद चौक में स्थित दुर्गा मंदिर में आरती चल रही थी. इसी दौरान मंदिर का लाउडस्पीकर तेज बजाने को लेकर दूसरे समुदाय के लोगों ने आरती कर रहे युवक पर हमला कर दिया. मंदिर की ग्रिल तोड़ दी और अंदर घुसकर तोड़फोड़ शुरू कर दी. मंदिर में तोड़फोड़ की खबर आग की तरह पूरे सिहोरा में फैल गई जिसके बाद स्थानीय लोग आक्रोशित हो गए. इस दौरान दोनों ही ओर से जमकर पत्थरबाजी शुरू हो गई. बता दें कि आजाद चौक इलाके में मस्जिद और दुर्गा मंदिर आमने-सामने स्थित हैं, इसलिए यह क्षेत्र पहले से ही संवेदनशील माना जाता रहा हैं.

मंदिर के साथ घरों में भी की तोड़फोड़

उपद्रवियों ने न केवल मंदिर, बल्कि आसपास के कई घरों में भी जमकर तोड़फोड़ की, जिससे इलाके में दहशत का माहौल बन गया. हालात बेकाबू होते देख भारी पुलिस बल मौके पर तैनात है. कलेक्टर राघवेंद्र सिंह और एसपी संपत उपाध्याय सहित कई वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मौके पर मौजूद रहे. पूरे इलाके को छावनी में तब्दील कर दिया गया है. कहीं से किसी अप्रिय घटना की कोई सूचना नहीं है. देर रात पुलिस ने 15 से अधिक लोगों को हिरासत में लिया है. पुलिस द्वारा घटना के बाद इलाके के हालातों पर नजर रखी जा रही है. 

मंदिर और मस्जिद आमने‑सामने होने से बढ़ी संवेदनशीलता

आजाद चौक क्षेत्र पहले से ही संवेदनशील माना जाता है क्योंकि दुर्गा मंदिर के ठीक सामने ही एक मस्जिद स्थित है. इसी वजह से दोनों समुदायों के बीच तनाव की संभावना बनी रहती है. रमजान माह की शुरुआत के साथ क्षेत्र की संवेदनशीलता और बढ़ गई थी. इसी पृष्ठभूमि में लाउडस्पीकर को लेकर शुरू हुई कहासुनी ने माहौल को और भड़का दिया.

पुलिस  के अनुसार 15 से अधिक लोगों को हिरासत में लिया गया है. उपद्रव में उपयोग की गई कई गाड़ियों को भी जब्त किया गया है. पुलिस उपद्रवियों के खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की तैयारी कर रही है.हालांकि स्थिति अब नियंत्रण में है, लेकिन आजाद चौक इलाके में तनाव के हालात बने हुए हैं. एहतियात के तौर पर पुलिस बल की अतिरिक्त कंपनियाँ तैनात की गई हैं,

Tags:    

Similar News