AI Impact Summit-2026 में CM मोहन यादव ने कहा - AI से बदलेगी मध्य प्रदेश की सूरत
मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने नई दिल्ली के भारत मंडपम् में आयोजित इंडिया AI इम्पैक्ट समिट-2026 में शामिल हुए.
मध्य प्रदेश में जल्द ही AI मिशन लॉन्च किया जाएगा. राज्य के चिकित्सा क्षेत्र में AI की मदद से बीमारियों की समय पर पहचान और दूरदराज क्षेत्रों तक बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंचाई जाएंगी. यह बात मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने नई दिल्ली के भारत मंडपम् में आयोजित इंडिया AI इम्पैक्ट समिट-2026 में कही.
उन्होंने कहा कि तकनीक तभी सार्थक है जब वह मानव हित में काम करे और मध्यप्रदेश सरकार AI को सुशासन और प्रदेश के विकास के लिए अपनाएगी. उन्होंने कहा कि प्रदेश में जल्द ही स्टेट AI मिशन लॉन्च किया जाएगा.
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश तेजी से आगे बढ़ रहा है और मध्यप्रदेश भी इसमें अपनी बड़ी भूमिका निभा रहा है.
एआई से होगा प्रदेश का विकास
मुख्यमंत्री ने कहा कि मध्यप्रदेश में AI का मजबूत इकोसिस्टम तैयार किया जाएगा. इसमें साझा GPU और डेटा सेंटर, कॉलेजों में AI शिक्षा, स्टार्टअप्स को फंडिंग और मेंटरशिप, उद्योगों में AI उपयोग को बढ़ावा और रिसर्च व इनोवेशन को प्रोत्साहन शामिल होगा.
उन्होंने बताया कि मध्यप्रदेश में AI आधारित बड़ा डेटा सेंटर स्थापित करने के प्रयास किए जा रहे हैं और इसके लिए निवेशकों और कंपनियों को आमंत्रित किया गया है.
समिट के दौरान मुख्यमंत्री ने कई वैश्विक कंपनियों के अधिकारियों से मुलाकात की. उन्होंने NVIDIA, Genspark AI, Sarvam AI, Google Play, Submer Technologies और Invid AI के प्रतिनिधियों से AI इकोसिस्टम, स्टार्टअप्स, डेटा सेंटर, स्किल डेवलपमेंट और तकनीकी सहयोग पर चर्चा की.
मुख्यमंत्री की उपस्थिति में मध्यप्रदेश राज्य इलेक्ट्रॉनिक्स विकास निगम के माध्यम से कई महत्वपूर्ण एमओयू किए गए. इनमें AI इन्फ्रास्ट्रक्चर, डिजिटल ट्विन तकनीक, सॉवरेन AI और ऊर्जा-कुशल डेटा सेंटर के विकास पर सहमति बनी.
मुख्यमंत्री ने गूगल पवेलियन का दौरा किया और पर्यटन, AR-VR और AI तकनीक के उपयोग पर चर्चा की. साथ ही उन्होंने मध्यप्रदेश पवेलियन में प्रदर्शित AI आधारित नवाचारों का भी अवलोकन किया.
मुख्यमंत्री ने कहा कि मध्यप्रदेश AI के क्षेत्र में तेजी से आगे बढ़ेगा और इसका लाभ प्रदेश के विकास और जनता को मिलेगा.