Jashpur: मृत्यु कार्यक्रम से लौट रहे पिता और बेटे की सड़क हादसे में मौत, हादसे के बाद रातभर सड़क किनारे पड़े रहे....

Jashpur News: छत्तीसगढ़ के एक जिले में झकझोर देने वाली घटना हो गई है। सड़क हादसे के शिकार पिता और पुत्र सहित तीन लोग रात भर सड़क किनारे ही पड़े रह गए। सुबह ग्रामीणों ने देखा, तब तक देर हो चुकी थी। एक शोक कार्यक्रम से लौट रहे पिता- पुत्र को काल ने छीन लिया, जबकि तीसरा भी जिंदगी से संघर्ष कर रहा है।

Update: 2026-03-30 15:01 GMT

Accident- NPG News

Jashpur News: जशपुरनगर। दोनों पिता और पुत्र एक दशगात्र कार्यक्रम में शामिल होने गए थे। लौटते वक्त टिकैतगंज के पास ही सड़क हादसे ने इन दोनों की सांस छीन ली। सुबह जब तक मदद मिलती, पिता और पुत्र दम तोड़ चुके थे। तीसरे घायल को आनन-फानन में अस्पताल भेजा गया।

ग्रामीणों ने बताया कि झारखंड के गुमला जिले के थाना चैनपुर के सिबिल निवासी जीतना मुंडा और उनके पुत्र बीरेंद्र मुंडा के साथ ग्राम कुरमा का रामदयाल मुंडा जशपुर आए थे। ये सभी ग्राम टिकैतगंज में दशगात्र कार्यक्रम में शालि होने के बाद रविवार देर रात बाइक से झारखंड लौट गए। वहां पर विदा करने वालों को जरा भी अंदाजा नहीं था कि तीनों आगे जाकर हादसे का शिकार हो जाएंगे।

हादसे का कारण अब तक समझ नहीं आया है, मगर घटनास्थल देखने वाले ग्रामीणों का कहना है कि शायद बाइक की रफ्तार अधिक थी। बाइक बेकाबू होकर सड़क किनारे जबरदस्त तरीके से टकरा गई। जिस तरह से शवों का हाल था, उससे यह भी लग रहा है कि हादसे के तुरंत बाद पिता और पुत्र की मौत हो गई होगी। जबकि रामदयाल भी बुरी तरह जख्मी होकर वहीं पर पड़ा रहा। ग्रामीणों ने पुलिस की रात की पेट्रोलिंग पर सवाल खड़ा किया है। उनका कहना है कि सड़क किनारे हुए हादसे की जानकारी पुलिस को नहीं मिली, यदि ऐसा होता तो निश्चित रूप से जान बचाने का मौका मिल सकता था।

ग्रामीणों की सूचना पर आयी पुलिस

सोमवार को सुबह होने के बाद आते- जाते ग्रामीणों की नजर सड़क किनारे पड़ी बाइक और हादसे के शिकार लोगों पर पड़ी। तब जाकर पुलिस को खबर की गई। पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया है। एक ही परिवार के दो लोगों की मौत से गांव में मातम पसर गया है।

Tags:    

Similar News