जामताड़ा का जंजाल: जामताड़ा गिरोह के चंगुल में 6 राज्य…इससे निकलने की प्लानिंग करने 23 अक्टूबर को जुटेंगे इन राज्यों के पुलिस अफसर

Update: 2021-10-12 02:18 GMT

रायपुर, 12 अक्टूबर 2021। राजधानी रायपुर में 23 अक्टूबर को छत्तीसगढ़ सहित 6 राज्यों के पुलिस अफसर जुटेंगे। पुलिस मुख्यालय में होने वाली इस महत्वपूर्ण बैठक में साइबर अपराध की रोकथाम के लिए रणनीति बनाई जाएगी। दरअसल, ये 6 राज्य वे हैं, जो जामताड़ा रीजन में आते हैं। इनमें छत्तीसगढ़ के साथ-साथ उत्तरप्रदेश, बिहार, झारखंड, ओडिशा और पश्चिम बंगाल शामिल हैं। केंद्रीय गृह मंत्रालय ने जॉइंट साइबर को-ऑर्डिनेशन टीमें बनाई हैं। इसी कड़ी में जामताड़ा रीजन के अंतर्गत आने वाले इन राज्यों की एक टीम बनाई गई है, जिससे अपराध होने के बाद तत्काल सूचनाएं शेयर कर आरोपियों को पकड़ने के लिए काम कर सकें।
छत्तीसगढ़ में जॉइंट साइबर को-ऑर्डिनेशन की यह पहली बैठक है। इससे पहले केंद्रीय गृह मंत्रालय के समन्वय में वर्चुअल बैठकें हुई हैं। स्पेशल डीजी आरके विज के निर्देशन में महत्वपूर्ण बैठक की तैयारी चल रही है। बैठक में सभी अफसर अपने-अपने राज्य में हुए अपराधों के साथ-साथ रोकथाम के लिए जो कोशिशें की जा रही हैं, उसकी जानकारी देंगे। जो भी बेहतर योजनाएं होंगी, उसे दूसरे राज्यों में लागू करने पर जोर दिया जाएगा। यही वजह है कि केंद्रीय गृह मंत्रालय के अफसर भी समन्वय के लिए मौजूद रहेंगे।

Similar News