CM समर्थित विधायकों का ये शक्ति प्रदर्शन तो नहीं…? काफिले के शक्ल में 30 से ज्यादा विधायक दशगात्र में पहुंचे मरवाही…एक साथ हेलीपैड पर की अगुवानी, अटकलों का दौर हुआ शुरू…

Update: 2021-09-02 04:29 GMT

रायपुर 2 सितंबर 2021। दिल्ली में शक्ति प्रदर्शन के बाद कांग्रेस विधायकों की एक बड़ी जुटान ने अटकलों और चर्चाओं को गरम कर दिया है। ढ़ाई-ढ़ाई साल के एपिसोड के बीच कांग्रेस के मंत्री और बड़ी संख्या में विधायक मरवाही पहुंचे हैं। कार्यक्रम यूं तो दशगात्र का है, लेकिन जिस अंदाज में वहां मुख्यमंत्री के समर्थक विधायक एक साथ जत्थे में पहुंचे, उसने हर किसी को यही अहसास कराया कि, कहीं ये एक और शक्ति प्रदर्शन तो नहीं ?…मरवाही पहुंचे सभी विधायक एक साथ ही विधायक केके ध्रुव के घर पहुंचे, इन विधायकों ने श्रद्धांजलि देने का वक्त भी वही चुना, जिस वक्त मुख्यमंत्री भूपेश बघेल वहां पहुंचे।

लिहाजा विधायकों की ये मौजूदगी ना सिर्फ सियासी एकजुटता, बल्कि सीएम के समर्थन में सियासी ताकत का अहसास कराने वाला कार्यक्रम बन गया। दरअसल मरवाही विधायक केके ध्रुव के बेटे के दशगात्र का कार्यक्रम आज है। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल भी वहां पहुंचे हुए हैं, इस दौरान मंत्री अमरजीत भगत के अलावे 30 से ज्यादा विधायक भी मरवाही पहुंच गये। कार्यक्रम में भी जिस तरह से सभी विधायक काफिले के साथ, मुख्यमंत्री भूपेश बघेल की मौजूदगी में एक साथ पहुंच रहे हैं, वो कई राजनीतिक जानकारों को खटक रहा है।

मरवाही में कांग्रेस के 30 विधायकों की मौजूदगी पर इसलिए भी लोगों की नजर है, क्योंकि इससे पहले दिल्ली में इसी तरह का शक्ति प्रदर्शन हो चुका है। 27 अगस्त को दिल्ली में 54 विधायक आलाकमान से मिलने की नीयत से पहुंचे थे, ये बात अलग है कि पुनिया को छोड़ अन्य लोगों के साथ उनकी मुलाकात नहीं हुई थी। दिल्ली से रायपुर लौटने के बाद सप्ताह के दिन भीतर सीएम समर्थित विधायकों की दूसरी जुटान है।

सभी विधायक पटियाला हाउस ढ़ाबे में रूके फिर साथ हुए रवाना

सायरन बजाती और धूल उड़ाती विधायकों की गाड़ियों का काफिला एक साथ मरवाही पहुंचा है। सियासी जुटान बिलासपुर, कोरबा, सरगुजा, रायगढ़ रहित दुर्ग के भी कई विधायक मौजूद हैं। विधायकों का हालांकि कल से ही बिलासपुर पहुंचना शुरू हो गया था। आज सभी विधायक मरवाही रवाना होने से पहले पटियाला हाउस ढ़ाबे में रूके और फिर साथ ही मरवाही के लिए रवाना हुए। विधायकों को जैसे ही मुख्यमंत्री के अमरकंटक से रवानगी की खबर मिली, सभी मरवाही के लिए रवाना हो गये।

Tags:    

Similar News