Side Effects Of Having Fruits in Breakfast: खाली पेट फल खाने के क्या हैं नुकसान, स्पेशलिस्ट से जानिए जवाब...

Side Effects Of Having Fruits in Breakfast: खाली पेट फल खाने के क्या हैं नुकसान, स्पेशलिस्ट से जानिए जवाब...

Update: 2024-04-29 08:37 GMT



Side Effects Of Having Fruits in Breakfast: क्या आप भी उनमे से हैं जिन्हें लगता है कि सुबह की शुरुआत फलों के सेवन के साथ करना सेहत के लिहाज से बेहतर है? अगर हां तो ये खबर आपके ही भले के लिए है। इसमें कोई शक नहीं कि फल बेहद पौष्टिक होते हैं लेकिन उनके सेवन का सही समय क्या है, यह जानना हमारे लिए बेहद ज़रूरी है वरना फायदे के बजाय नुकसान भी हो सकता है। पाचन से जुड़ी समस्याओं के विशेषज्ञ और पीजीआई चंडीगढ़ से एमडी किए रायपुर के प्रसिद्ध गैस्ट्रोलॉजिस्ट डाॅक्टर कुलदीप सोलंकी के अनुसार सुबह खाली पेट फलों का सेवन करना किसी भी लिहाज से उचित नहीं है। तो फिर फलों के सेवन का सही समय क्या है? और यदि सुबह पहला नाश्ता फल न हों तो फिर क्या हो? इन सवालों के जवाब आपको इस लेख में मिलेंगे।

सुबह खाली पेट फल खाना चाहिए या नहीं?

ये सौ फीसदी सच है कि फाइबर, विटामिन्स और मिनरल्स से भरपूर फल हमारे स्वास्थ्य को बढ़िया रखते हैं। इनसे शरीर को पोषण मिलता है। लेकिन फलों को खाने का भी एक सही समय होता है। उसकी जानकारी रखना हमारे लिए बेहद ज़रूरी है। विशेषज्ञों की मानें तो फलों का सेवन सूर्यास्त से पूर्व कर लेना सबसे अच्छा है। लेकिन सुबह खाली पेट पहले भोजन के रूप में फलों का सेवन करना शरीर के लिए सही नहीं हैं।

इस बारे में डाॅक्टर कुलदीप सोलंकी बताते हैं कि फलों में अच्छी खासी मात्रा में फाइबर होता है और फाइबर को पचाना इतना आसान नहीं होता। उसके लिए खासी मेहनत लगती है। जो कि आज के समय में हमारी लाइफस्टाइल में पहले के दौर की तरह नहीं बची है। सुबह खाली पेट फलों का सेवन करने पर ये फाइबर बिना पचे घंटों तक छोटी और बड़ी आंत में बने रहते हैं। इसका परिणाम यह होता है कि हम अपच, गैस और एसिडिटी आदि समस्याओं के शिकार हो जाते हैं। इसलिए सुबह खाली पेट फलों का सेवन नहीं करना चाहिए। खाली पेट फल खाने का एक और नुकसान यह है कि इससे तेजी से शुगर बढ़ सकती है। इसलिये डायबिटीज़ के मरीजों को इस बारे में विशेष सावधानी रखने की जरूरत है।

तो फिर सुबह का पहला भोजन कैसा हो?

सुबह का पहला भोजन प्रोटीन से भरपूर हो हो, इसकी कोशिश की जानी चाहिए। आप कुछ मात्रा में फैट्स भी ले सकते हैं। उदाहरण के लिए आप उबले हुए काले चने की भेल खा सकते हैं। इसमें आप प्याज़, टमाटर, खीरा और स्वाद बढ़ाने के लिए थोड़ा नमक और चाट मसाला डाल सकते हैं। या फिर आप बाॅइल्ड ऐग या ऑमलेट खा सकते हैं। आप पनीर भुर्जी या फिर ओट्स खा सकते हैं। या आप फेवरेट इंडियन नाश्तों में शामिल बेसन का चीला या दलिया खा सकते हैं। ये और ऐसे अन्य नाश्ते न केवल दिन की परफेक्ट शुरुआत करने के लिए सही हैं बल्कि आपको घंटों एनर्जेटिक भी रखते हैं।

तो फिर फल कब खाएं?

आप फलों का सेवन अगर लंच से बीस मिनट से आधे घंटे पहले करें तो ये सेहत के लिहाज से सबसे बढ़िया है। इससे आपको पूरा पोषण मिलेगा। साथ ही फाइबर पेट में जाने से आपका पेट भी इतना भर जाएगा कि आप रोटी और चावल के रूप में कार्बोहाइड्रेट का ज्यादा सेवन करने से बच जाएंगे। इस तरह आपको वेट बढ़ने की समस्या का भी सामना नहीं करना पड़ेगा।

लेकिन ध्यान रखें कि भोजन के तुरंत बाद फल न खाएं। ऐसा इसलिए कि आपने भोजन के रूप में पर्याप्त कैलोरी पहले ही ले ली है। अब अगर आपने ऊपर से और फल खाए तो उनके साथ अतिरिक्त मिठास और कैलोरी भी आपके शरीर में पहुंचेगी जो शरीर के लिए नुकसानदायक होगी और भोजन के पाचन को भी कठिन बनाएगी।

शाम को ले सकते हैं फल

वहीं शाम की छोटी-मोटी भूख में फलों का सेवन काफी फायदेमंद है। इससे आपका हाथ चिप्स, बिस्किट जैसे अनहेल्दी स्नैक्स की तरफ बढ़ने से रुकेगा और शरीर को पोषण भी मिलेगा।

Tags:    

Similar News