4 की मौत : जहरीली गैस की चपेट में आकर चार लोगों की हुई मौत….टंकी सफाई के दौरान हुआ हादसा…. शव निकालने मंगानी पड़ी जेसीबी
मुंगेली 23 जून 2020। मुंगेली एक बड़ी खबर आ रही है। एक हादसे में जिले में चार लोगों की मौत हो गयी है। हादसा उस वक्त हुआ, जब एक टंकी की सफाई का काम चल रहा था। घटना सरगांव नगर पंचायत के मर्राकोना गांव की बतायी जा रही है।
जानकारी के मुताबिक टंकी की सफाई के लिए पहले एक मजदूर नीचे उतरा और वो अंदर जहरीली गैस की चपेट में आ गया। पहले नीचे गये मजदूर की कोई आवाज नहीं सुनते देख एक और मजदूर नीचे उतरा और वो भी उसी गैस की चपेट में आ गया…देखते-देखते एक के बाद एक मजदूर टंकी में गये और फिर बाहर नहीं निकले। मृतकों में तीन मजदूर के साथ-साथ एक सरगांव नगर पंचायत का कर्मचारी भी है।
इधर घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया, जिसके बाद आनन-फानन में प्रशासन की सूचना दी गयी, खबर लिखे जाने के दौरान जेसीबी के जरिये शवों को बाहर निकाला जा रहा था।