Raipur News: MG रोड चौपाटी के व्यवसायियों से ठगी, ऑनलाइन फाइनेंस और लोन की आड़ में 19 वर्षीय युवक ने लगाया चूना, बोला-ठगी के रुपयों से खोलना चाहता था मोबाइल दुकान...
Raipur News:
Raipur News: रायपुर कमिश्नरेट के सेंट्रल जोन के MG रोड में ठेले लगाने वाले छोटे व्यवसायियों से ठगी करने वाले शातिर आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपी के द्वारा व्यवसायियों को ऑनलाइन फाइनेंस एप्लीकेशनों के माध्यम से प्री अप्रूव्ड लोन दिलाने का झांसा देकर ठगी करता था। आरोपी ने अबतक के कई लोगों के साथ धोखाधड़ी की घटना को अंजाम दिया था। आरोपी ने कबूल किया है कि ठगी के रुपयों से वो खुद के लिए मोबाइल दुकान खोलना चाहता था। आरोपी के विरुद्ध थाना मौदहापारा में अपराध क्रमांक 28/26 धारा 318 (4) बीएनएस का अपराध पंजीबद्ध है l
जानिए पूरी घटना
गिरफ्तार आरोपी का नाम मुदित पाठे उर्फ कृष पवार 19 वर्ष पिता विजय कुमार पाठे निवासी बाजार चौक, छिंदवाड़ा (मध्यप्रदेश) है। आरोपी दसवीं पास है और पढ़ाई छोड़ने के बाद फाइनेंस सेक्टर में कार्य करने की इच्छा लेकर रायपुर आया था। आरोपी के बताए अनुसार, वह रायपुर के गुढियारी क्षेत्र में पहले किराए से रहा फिर डोरमेट्री में ठहरकर ठेले वालों व छोटे व्यापारियों से धीरे-धीरे मेलजोल बढ़ाता था।
विभिन्न ऑनलाइन फाइनेंस, कैशबैक व इन्वेस्टमेंट ऐप्स से बेस्ट कैशबैक, प्रोमो कोड व रेफरल कोड की जानकारी प्राप्त कर पीड़ितों को लाभ दिलवाता था, जिससे उनका विश्वास अर्जित हो सके।
आरोपी ने पूछताछ में बताया कि विश्वास कायम होने के बाद उसे पीड़ितों के आधार कार्ड, पैन कार्ड, मोबाइल फोन व अन्य व्यक्तिगत दस्तावेजों मिल जाते थे। इसके बाद लोन प्रक्रिया में सहायता कर प्रोसेसिंग फीस माफ होने जैसे लाभ दिलवाने की बात कर पीड़ितों की मदद करता था, जिससे पीड़ितों को किसी प्रकार का संदेह न हो।
इसके पश्चात आरोपी के बताए अनुसार, उसने विभिन्न फाइनेंस एप्लीकेशनों के माध्यम से पीड़ितों के नाम पर प्री-अप्रूव्ड लोन क्लीयर करवाया और उन राशि को अपने ऑनलाइन वॉलेट व अन्य खातों में चैनलाइज करता था।
आरोपी ने बताया कि उसके पिता पूर्व में इंश्योरेंस क्षेत्र में कार्यरत थे तथा कोरोना काल के बाद आर्थिक रूप से कमजोर हो गए थे। इसके बाद आरोपी ने दसवीं के बाद पढ़ाई छोड़ दी और ऑनलाइन ऐप्स व पोर्टल के माध्यम से फाइनेंस व निवेश से संबंधित जानकारी हासिल की।
ठगी के रुपयों से मोबाइल दुकान
आरोपी के बताए अनुसार उसका उद्देश्य ठगी से एकत्र की गई राशि से अपने मूल निवास में मोबाइल दुकान खोलना था। प्रकरण संज्ञान में आते ही डीसीपी सेंट्रल जोन उमेश प्रसाद गुप्ता और एडिशनल डीसीपी तारकेश्वर पटेल ने खुद पीड़ितों और आरोपी से पूछताछ की। मामले में निरीक्षक मुकेश शर्मा के नेतृत्व में मौदहापारा पुलिस ने सतर्कता पूर्वक कार्रवाई करते हुए आरोपी को ट्रेन से फरार होने से ठीक पहले गिरफ्तार कर लिया।
बैंक कार्ड्स क्रेडिट कार्ड, पासबुक, चेकबुक जब्त
प्रारंभिक जांच में यह तथ्य भी सामने आया है कि आरोपी एक दर्जन से अधिक फाइनेंस व इन्वेस्टमेंट एप्लीकेशनों का उपयोग कर रहा था। एसीपी कोतवाली दीपक मिश्रा के सुपरविजन में प्रकरण में अब तक आरोपी युवक से दर्जनभर बैंक कार्ड्स क्रेडिट कार्ड, पासबुक, चेकबुक तथा मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं। आरोपी द्वारा ठगी के पैसों को विभिन्न वॉलेट के जरिए चैनलाइज करता था।
वर्तमान में मौदहापारा पुलिस द्वारा आरोपी के ऑनलाइन वॉलेट, बैंक खातों, मोबाइल फोन एवं संबंधित एप्लीकेशनों की विस्तृत जांच की जा रही है तथा अन्य मामलों में उसकी संलिप्तता की संभावना को लेकर भी विवेचना जारी है। प्रकरण के खुलासे और भाग रहे आरोपी को घेराबंदी कर हिरासत में लेने में थाना प्रभारी निरीक्षक मुकेश शर्मा, थाना मौदहापारा एवं एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट रायपुर की उल्लेखनीय भूमिका रही l