Raipur News: 38 लाख की उठाईगिरी, अफसर का दोस्त निकला मास्टरमाइंड, कर्ज अधिक होने के कारण दिया था घटना को अंजाम...
Raipur News: छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर के कलेक्टोरेट परिसर में हुई कार के अंदर से 38 लाख की उठाईगिरी मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पकड़े गये आरोपियों में एक शिकायतकर्ता अफसर का दोस्त है।
Raipur News: रायपुर। राजधानी रायपुर के मल्टीलेबल पार्किंग में खड़ी कार के अंदर से 38 लाख की उठाईगिरी मामले में पुलिस ने बड़ा खुलासा किया है। इस पूरे घटनाक्रम का मास्टरमाइंड शिकायतकर्ता अफसर का दोस्त ही निकला है। आरोपी नितिन सोनी ने कर्ज से परेशान होकर दोस्त की कार में रखी नगदी चुरा ली थी। आरोपी नितिन ने इस घटना को अंजाम देने के लिए तनवीर आलम नाम के व्यक्ति की मदद ली थी। डीसीपी उमेश गुप्ता के निर्देश पर एडीसीपी तारकेश्वर पटेल, एसीपी रमाकांत साहू व क्राइम की टीम ने घटना के 24 घंटे के भीतर ही मुख्य आरोपी समेत दो को गिरफ्तार कर लिया।
जानिए घटना
दरअसल, मंदिर हसौद निवासी भारतीय खाद्य निगम में पदस्थ अफसर ज्ञानप्रकाश पांडे ने थाना सिविल लाइन रायपुर में रिपोर्ट दर्ज कराई कि 16 फरवरी को वह ग्राम पिरदा स्थित भूमि को 36,50,000 रुपये में गंगूराम यादव से क्रय करने का सौदा किया था। टोकन राशि देने के लिए वह अपने साथी नितिन सोनी के साथ कार क्रमांक सीजी 17 आरजे 1911 से रजिस्ट्री ऑफिस, कलेक्ट्रेट परिसर पहुंचकर मल्टीलेवल पार्किंग में कार खड़ी किया था।
कार की चाबी नितिन सोनी को देकर वह रजिस्ट्री कार्यालय चला गया। कुछ समय बाद नितिन सोनी ने फोन कर बताया कि कार में रखें सफेद कपड़े के थैले में रखे 36,50,000 रुपये चोरी हो गए। प्रार्थी ने आकर कार की जांच की तो रकम गायब थी। पूछताछ पर नितिन सोनी संतोषजनक जवाब नहीं दे सका। पीड़ित को संदेह था कि नितिन सोनी ने एक अन्य के साथ मिलकर रकम का गबन किया। पीड़ित की रिपोर्ट पर आरोपियों के विरूद्ध थाना सिविल लाईन में अपराध क्रमांक 94/26 धारा 316(2), 3(5) बीएनएस का पंजीबद्ध कर जाँच शुरू की गई।
पुलिस व क्राईम-साईबर की संयुक्त टीम की कार्रवाई
लाखों रूपये गबन की घटना को पुलिस उपायुक्त (सेंट्रल जोन डीसीपी) IPS उमेश प्रसाद गुप्ता द्वारा गंभीरता से लिया और जाँच के निर्देश दिए। पुलिस व क्राईम-साईबर की संयुक्त टीम ने मामले में जाँच शुरू की।
पुलिस ने संदेही नितिन सोनी से पूछताछ की। नितिन सोनी से भी घटना के संबंध में पूछताछ की गई। टीम के सदस्यों द्वारा इधर घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज की जाँच करने पर पाया कि कार के पास काले रंग की स्कूटी पर सवार संदिग्ध व्यक्ति आते-जाते दिखाई दिया।
बार-बार अपना बयान बदलकर टीम को कर रहा था गुमराह
नितिन सोनी से पूछताछ करने पर वह बार-बार अपना बयान बदलकर टीम के सदस्यों को गुमराह करता रहा तथा उसके द्वारा बताए अनुसार घटना घटित होना नहीं पाया गया। इस पर टीम को नितिन पर गहरा संदेह हुआ और प्राप्त साक्ष्यों के आधार पर उससे कड़ाई से पूछताछ की गई। घटनास्थल के रिक्रिएशन ऑफ सीन व तकनीकी कड़ियों में भिन्नता पाए जाने पर नितिन अधिक देर तक अपने झूठ पर कायम नहीं रह सका।
दोस्त ने ही दिया था घटना को अंजाम
नितिन ने पुलिस को बताया कि वह अपने साथी तनवीर आलम के साथ मिलकर रकम को गबन किया। घटना में संलिप्त तनवीर आलम की पतासाजी कर उसे भी गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में आरोपी नितिन सोनी ने बताया कि ज्ञानप्रकाश पांडे और उसके बीच लंबे समय से मित्रता है। पूर्व में प्रार्थी ज्ञानप्रकाश पांडे व नितिन दोनों पिरदा स्थित भूमि का कुछ पैसा भूमि स्वामी को देने गए थे। उसी दौरान प्रार्थी ने उसे बताया था कि रजिस्ट्री के समय भूमि स्वामी को शेष रकम देनी है और उसे अपने साथ रजिस्ट्री कार्यालय चलने के लिए कहा था।
नितिन सोनी ने कर्ज चुकाने दिया घटना को अंजाम
आरोपी नितिन सोनी कर्ज में डूबा होने के कारण परेशान था। इसी दौरान उसने अपने साथी तनवीर आलम के साथ मिलकर प्रार्थी की रकम हड़पने की योजना बना ली। घटना के दिन नितिन ने प्रार्थी को अपने भरोसे में लेकर उसे रजिस्ट्री कार्यालय भेज दिया और अपने साथी तनवीर आलम को बुलाकर प्रार्थी के 36 लाख 50 हजार रुपये गबन कर लिये, इस कार्य हेतु नितिन सोनी ने तनवीर आलम को 2 लाख रूपये देने कहा था।
दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से गबन की संपूर्ण रकम 36 लाख 50 रूपये जब्त कर ली गई है।
गिरफ्तार आरोपी
01. नितिन कुमार सोनी पिता बुलाकी रामसोनी उम्र 32 साल निवासी मकान नंबर 329 सुमित लैंडस्केप थाना विधानसभा रायपुर।
02. तनवीर आलम पिता मोहम्मद कलाम उम्र 28 साल निवासी पार्किंग नंबर 04 रावाभांठा ट्रांसपोर्ट नगर थाना खमतराई रायपुर।