CG News: दुष्कर्म पीड़िता ने मुख्य सचिव को लिखा पत्र, बोली-डिप्टी कलेक्टर ने शादी का झांसा देकर किया दुष्कर्म, तीन बार कराया गर्भपात, हो कठोर कार्रवाई...
CG News: छत्तीसगढ़ में दुष्कर्म पीड़िता ने आरोपी डिप्टी कलेक्टर के खिलाफ कठोर कार्रवाई को लेकर मुख्य सचिव को पत्र लिखा है...
CG News: रायपुर। छत्तीसगढ़ के बालोद जिले की निवासी दुष्कर्म पीड़िता ने बीजापुर में पदस्थ डिप्टी कलेक्टर दिलीप उइके के खिलाफ कड़ी कार्रवाई को लेकर मुख्य सचिव को पत्र लिखा है। पत्र में डिप्टी कलेक्ट दिलीप उइके के खिलाफ सिविल सेवा आचरण नियमों के तहत तत्काल कार्रवाई करने की मांग मुख्य सचिव से की हैं।
पीड़िता सीएएफ में आरक्षक हैं, नीचे पढ़ें महिला आरक्षक का पत्र...
''मैं डौंडी, जिला बालोद की निवासी हूँ। वर्तमान में मैं सीएएफ में आरक्षक के पद पर भिलाई में पदस्थ हूँ। बीजापुर में डिप्टी कलेक्टर के पद पर पदस्थ दिलीप कुमार उड़के के द्वारा लगातार पिछले आठ वर्षों से शादी का झांसा देकर मेरा शारीरिक, मानसिक और आर्थिक शोषण करता रहा और वर्ष 2017 से 2025 के बीच तीन बार जबर्दस्ती गर्भपात करवाने के बाद जून महीने में मुझसे शादी करने से मना कर दिया। जिसके बाद मैंने अपने साथ हुये अन्याय को लेकर डौंडी थाने में शिकायत दर्ज करवाई। जिस पर डाँडी थाना के द्वारा दिनांक 17/08/2025 को बीएनएस की धारा 69 के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया है। वहीं मेरे साथ किए गंभीर कुकृत्यों के चलते जिला एवं सत्र न्यायालय बालोद में दिलीप कुमार उड़के द्वारा लगाई गयी जमानत याचिका भी खारिज हो गयी है।
एफआईआर दर्ज होने की जानकारी दिलीप को होते ही वो बीजापुर जिला प्रशासन को गलत जानकारी देकर SICK LEAVE लेकर फरार हो गया है। ऐसी जानकारी मिल रही है। दिलीप उड़के ने मेरे विश्वास का लगातार दुरुपयोग किया, मुझसे विवाह का झांसा देकर बार-बार शारीरिक सम्बन्ध बनाए, तीन बार जबर्दस्ती गर्भपात करवाया, मुझसे लाखों रुपये लिए, और अंत में विवाह करनेसे इनकार कर दिया। दिलीप उड़के जैसे व्यक्ति, जो एक जिम्मेदार प्रशासनिक पद पर आसीन है, उसका ऐसा आचरण और कृत्य अत्यंत शर्मनाक है।
अतः आपसे सविनय अनुरोध है कि इतने गंभीर आरोपों में अपराध पंजीबद्ध हो जाने के बाद दिलीप ऊड़के पर सिविल सेवा आचरण नियमों के तहत तत्काल नियमानुसार कड़ी कार्रवाई करने का कष्ट करें।''
जानिए क्या था पूरा मामला
पीड़िता ने शिकायत में बताया कि 2017 में दिलीप उईके और पीड़िता आईटीआई में पढ़ाई कर रहे थे। इसी बीच दोनों की मुलाकात हुई और फिर बातचीत होने लगी। धीरे-धीरे दोनों एक दूसरे को पसंद करने लगे और दोनों का ये रिश्ता प्यार में बदल गया। शादी का झांसा देकर दिलीप ने पीड़िता के साथ कई बार शारीरिक संबंध बनाया।
2017 में पीड़िता पहली बार गर्भवती हुई तो आरोपी ने उसे जबरदस्ती दवा खिलाकर गर्भपात करा दिया। इसी बीच 2017 में महिला की पुलिस विभाग में नौकरी लग गई। इधर दिलीप भी दुर्ग के साइंस काॅलेज पढ़ने चला गया। इस बीच पीड़िता ने उसे पढ़ाई के लिए पैसे भी दिये।
आरोपी ने इसी तरह पीड़िता को अपने झांसे में लेकर फिर से शारीरिक संबंध बनाया। पीड़िता की शिकायत के मुताबिक, 2024 में दिलीप ने एक मारूति कार खरीदी और पीड़िता को घुमाने के लिए अंडमान ले गया। यहां भी शारीरिक संबंध बनाया। बालोद वापस लौटने के एक माह बाद पीड़िता दूसरी बार गर्भवती हो गई। इस दौरान आरोपी बीजापुर में पदस्थ था। दिलीप ने पीड़िता को फोन किया और उसे बीजापुर बुलाया। फिर गोली खिलाकर गर्भपात करा दिया।
इसके बाद 2025 में फिर से शादी का झांसा देकर शारीरिक संबंध बनाया और पीड़िता से कुछ रूपये की मांग भी किया। पीड़िता ने करीब 3.30 लाख दिलीप के खाते में ट्रांसफर किये। 2025 में ही महिला तीसरी बार गर्भवती हो गई। इसकी जानकारी मिलने के बाद दिलीप ने फिर से दवा देकर गर्भपात करा दिया।
इधर, पीड़िता ने शादी की बात की तो वो मुकर गया और शादी करने से मना कर दिया। इसके बाद दूरी भी बनाने लगा। इस बात से दुखी पीड़िता ने डौंडी थाना में इसकी शिकायत दर्ज कराई है। महिला की शिकायत के बाद पुलिस ने डिप्टी कलेक्टर के खिलाफ अपराध दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है।
जनपद सीईओ के पद पर रहने के दौरान सुर्खियों में भी रहे
बता दें कि डिप्टी कलेक्टर दिलीप उइके डेढ़ साल तक बीजापुर के भोपालपटनम जनपद सीईओ के पद पर पदस्थ थे। इस दौरान वे काफी सुर्खियों में भी रहे हैं।