CM भूपेश ने दिया मौन धरना, महिला सांसदों के साथ दुर्व्यवहार मामले में कांग्रेस का प्रदर्शन…. गांधी मैदान में केबिनेट मंत्रियों व विधायकों के साथ मौन धरने पर बैठे मुख्यमंत्री
रायपुर 19 अगस्त 2021। राज्यसभा में छत्तीसगढ़ की दो महिला सांसदों के दुर्व्यवहार का मुद्दा गरमा गया है। आज इस मामले में प्रदेशव्यापी धरना हो रहा है। कांग्रेस के इस मौन धरने में खुद मुख्यमंत्री भूपेश बघेल और कैबिनेट के कई मंत्री के साथ-साथ प्रदेश अध्यक्ष मोहन मरकाम, राज्यसभा सांसद फूलोदेवी नेताम और छाया वर्मा के साथ-साथ रिसर्च डिपार्टमेंट के चेयरमैन इदरीस गांधी भी मौजूद रही। रायपुर के गांधी मैदान में आयोजित मौन धरने के पहले कैबिनेट मंत्री रविंद्र चौबे ने अपने संबोधन में बीजेपी की केंद्र सरकार पर जमकर निशाना साधा।
रविंद्र चौबे ने कहा कि एक दौर था जब जवाहरलाल नेहरू के प्रधानमंत्री काल में अटल बिहारी वाजपेयी को भी बोलते थे, लेकिन अब नरेंद्र मोदी के शासनकाल में बोलने की इजाजत किसी को नहीं है। सदन में 10-15 से ज्यादा मार्शल नहीं होते, लेकिन टीवी चैनलों पर सबने देखा कि किस तरह से 50 से ज्यादा मार्शलों को सदन में बुलाया गया, जिसने महिला सांसदों के साथ धक्का मुकी की, दुर्व्यवहार किया।
आपको बता दें कि राज्यसभा में मार्शलों ने महिला सांसद फूलोदेवी नेताम और छाया वर्मा के साथ धक्का मुकी की थी, इस मामले को लेकर राष्ट्रीय स्तर पर भी राहुल गांधी मार्च कर चुके हैं। कल इस मामले में फूलो देवी नेताम और छाया वर्मा ने प्रेस कांफ्रेंस की थी, इस दौरान दोनों फफक-फफककर रो पड़ी थी।