छत्तीसगढ़ का पहला डेमोंस्ट्रेशन हाउसिंग प्रोजेक्ट: आकार लेगा आधुनिक तकनीक आधारित डेमोंस्ट्रेशन हाउसिंग प्रोजेक्ट DHP, केंद्र से मिलेगा 13.12 करोड़

CG News: प्रदेश का पहला डेमोंस्ट्रेशन हाउसिंग प्रोजेक्ट: रतनपुर को मिली बड़ी सौगात, ₹13.12 करोड़ की केंद्रीय सहायता से होगा निर्माण।

Update: 2026-03-06 10:38 GMT

इमेज सोर्स- गूगल, एडिट बाय- NPG News

बिलासपुर।06 मार्च 2026|प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) 2.0 के अंतर्गत छत्तीसगढ़ के ऐतिहासिक नगर रतनपुर को एक महत्वपूर्ण विकासात्मक सौगात प्राप्त हुई है। रतनपुर में आधुनिक तकनीक आधारित डेमोंस्ट्रेशन हाउसिंग प्रोजेक्ट (DHP) को स्वीकृति प्रदान की गई है। इस परियोजना के लिए ₹13.12 करोड़ की केंद्रीय सहायता स्वीकृत की गई है।

नई दिल्ली में आयोजित सेंट्रल सैंक्शनिंग एंड मॉनिटरिंग कमेटी (CSMC) की बैठक में इस परियोजना को टेक्नोलॉजी एंड इनोवेटिव सब-मिशन TISM के अंतर्गत मंजूरी प्रदान की गई। यह छत्तीसगढ़ का पहला डेमोंस्ट्रेशन हाउसिंग प्रोजेक्ट होगा, जो रतनपुर में आधुनिक और उन्नत निर्माण तकनीकों के उपयोग से आवास निर्माण का एक आदर्श मॉडल प्रस्तुत करेगा।

आधुनिक आवासीय परिसर

स्वीकृत परियोजना के अंतर्गत G+2 मॉडल पर आधुनिक आवासीय परिसर विकसित किया जाएगा। प्रत्येक इकाई का कार्पेट एरिया 28.57 वर्गमीटर तथा प्लिंथ एरिया 42.79 वर्गमीटर निर्धारित किया गया है। यह परियोजना सामाजिक कल्याण गतिविधियों के लिए रेंटल मॉडल पर संचालित की जाएगी।

प्रोजेक्ट में ये सब होगा

परियोजना में डाइनिंग रूम व किचन, कार्यालय कक्ष (टॉयलेट सहित), गतिविधि कक्ष, मेडिकल रूम (टॉयलेट सहित), केयरटेकर कक्ष (टॉयलेट सहित), लॉन्ड्री रूम सहित आवश्यक सुविधाओं का प्रावधान किया गया है। साथ ही एक सामुदायिक भवन का भी निर्माण किया जाएगा, जिससे सामाजिक और सामुदायिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा।

BMTPC ने तैयार किया DPR

परियोजना का विस्तृत परियोजना प्रतिवेदन DPR बिल्डिंग मटेरियल्स एंड टेक्नोलॉजी प्रमोशन काउंसिल BMTPC द्वारा तैयार किया गया है, जिसे डेमोंस्ट्रेशन हाउसिंग प्रोजेक्ट DHP 2018 के संशोधित दिशा-निर्देशों के अनुरूप पाया गया है।

शक्तिपीठ क्षेत्र के रूप में होगा विस्तार

बता दें रतनपुर के विकास को गति देने के लिए छत्तीसगढ़ शासन के राज्य बजट में शक्तिपीठ क्षेत्र के विकास हेतु राशि प्रदान करने की घोषणा की गई है। रतनपुर के दो तालाबों को अमृत सरोवर के रूप में विकसित करने का निर्णय भी लिया गया है।

क्या कहते हैं केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू

केंद्रीय आवासन एवं शहरी कार्य राज्यमंत्री एवं बिलासपुर सांसद तोखन साहू ने कहा, रतनपुर में स्वीकृत यह परियोजना आधुनिक निर्माण तकनीकों का उत्कृष्ट उदाहरण बनेगी, जिससे प्रदेश में किफायती एवं गुणवत्तापूर्ण आवास निर्माण को नई गति मिलेगी। साथ ही इससे स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर बढ़ेंगे तथा क्षेत्र के समग्र विकास को भी मजबूती मिलेगी।

Tags:    

Similar News