ट्रेनों में चोरी करने वाले अंतर्राज्यीय खगड़िया पेपर गैंग के 4 आरोपी गिरफ्तार, सरगना भिलाई से गैंग को करता है ऑपरेट
CG SECR News: ट्रेनों में चोरी करने वाले अंतर्राज्यीय गिरोह का बड़ा खुलासा हुआ है। SECR दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे नागपुर मंडल रेलवे सुरक्षा बल GRP ने यात्री सामान चोरी के दो मामलों का खुलासा किया है। अंतर्राज्यीय खगड़िया पेपर गैंग” के 4 आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
इमेज सोर्स- NPG News
बिलासपुर।12 अप्रैल 2026| रेलवे सुरक्षा बल, दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे नागपुर मंडल द्वारा “ऑपरेशन यात्री सुरक्षा” के तहत यात्री सामान चोरी की घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाने हेतु विशेष अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के अंतर्गत रेसुब RPF नागपुर एवं शासकीय रेल पुलिस जीआरपी इतवारी की संयुक्त कार्यवाही में अंतर्राज्यीय गिरोह के चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
26 मार्च 2026 को गाड़ी संख्या 55189 इतवारी–छिंदवाड़ा पैसेंजर में एक यात्री के बैग से सोने-चांदी के जेवर, जिनकी कुल कीमत ₹2,44,700/- थी, अज्ञात व्यक्तियों द्वारा चोरी कर लिए गए थे। इस संबंध में जीआरपी थाना ईतवारी में धारा 305(सी) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया था।
16 मार्च 2026 को गाड़ी संख्या 58206 ईतवारी–रायपुर पैसेंजर में भी एक यात्री के ₹2,20,853/- मूल्य के आभूषण चोरी होने पर जीआरपी ईतवारी में धारा 305(सी) बीएनएस के तहत मामला पंजीबद्ध किया गया था।
टास्क फोर्स एवं डिकॉय टीमों का किया गठन
इन घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए मंडल सुरक्षा आयुक्त दीप चंद्र आर्य के निर्देशन में रेसुब नागपुर की टास्क टीम एवं डिकॉय टीमों का गठन किया गया। अपराध गुप्तचर शाखा द्वारा तकनीकी विश्लेषण एवं गुप्त निगरानी कर आरोपियों की तलाश की जा रही थी।
11 अप्रैल.2026 को प्राप्त गुप्त सूचना के आधार पर रेसुब RPF टास्क टीम एवं जीआरपी GRP ईतवारी द्वारा संयुक्त कार्रवाई करते हुए गाड़ी संख्या 58206 में तीन संदिग्ध आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।
CCTV फुटेज से पहचान
सीसीटीवी फुटेज एवं पीड़ितों की पहचान के आधार पर उनकी संलिप्तता की पुष्टि हुई। पूछताछ में आरोपियों ने स्वयं को अंतर्राज्यीय “खगड़िया पेपर गैंग” का सदस्य स्वीकार किया।
ऐसे करते है चोरी
यह गिरोह मुख्यतः पैसेंजर ट्रेनों में ऊपरी बर्थ पर रखे बैग एवं सूटकेस को निशाना बनाता है। आरोपी अखबार फैलाकर या बैग की आड़ में चेन खोलकर अंदर रखे कीमती सामान चोरी कर लेते हैं और पुनः चेन बंद कर देते हैं, जिससे यात्रियों को तत्काल चोरी का आभास नहीं होता।
भिलाई में रहकर गिरोह का संचालन
गिरोह का सरग़ना बिहार के खगड़िया क्षेत्र का निवासी है, जो छत्तीसगढ़ के भिलाई में रहकर गिरोह संचालित करता है तथा बेरोजगार युवकों को लालच देकर इस अपराध में शामिल करता है।
अभियान में ये रहे शामिल
रेसुब, अपराध गुप्तचर शाखा नागपुर, मंडल टास्क टीम के सहायक उप निरीक्षक जेके. सिंह, प्रधान आरक्षक रामफल कुरैती, आरक्षक राजू पेशने एवं पंकज भंडारकर, जीआरपी ईतवारी की थाना प्रभारी नीलम डोंगरे।
रेलवे की यात्रियों से अपील
यात्रा के दौरान अपने सामान की सुरक्षा का विशेष ध्यान रखें। किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या गतिविधि की सूचना तुरंत रेलवे सुरक्षा बल, जीआरपी, ट्रेन स्टाफ, टीटीई अथवा रेलवे हेल्पलाइन नंबर 139 पर दें, ताकि अपराधियों के विरुद्ध त्वरित एवं कठोर कार्रवाई की जा सके।