कोल इंडिया ने बढ़ाई ठेका श्रमिकों की दैनिक मजदूरी, 35 हजार श्रमिको को मिलेगी राहत
CG News: कोल इंडिया लिमिटेड ने खदानों में काम करने वाले ठेका श्रमिकों की दैनिक मजदूरी में बढ़ोतरी कर दी है। नई दरें लागू करते हुए ठेका श्रमिकों के वीडीए में 144 रुपये तक वृद्धि कर दी है।
कोरबा। 12 अप्रैल 2026|कोल इंडिया लिमिटेड ने खदानों में काम करने वाले ठेका श्रमिकों की दैनिक मजदूरी में बढ़ोतरी कर दी है। नई दरें लागू करते हुए ठेका श्रमिकों के वीडीए में 144 रुपये तक वृद्धि कर दी है।
संशोधित दरें एक अप्रैल 2026 से लागू होकर 30 सितंबर 2026 तक प्रभावी रहेगी। यह बढ़ोतरी परिवर्तनीय महंगाई भत्ता VDA के बढ़ने के बाद की गई है, जिससे साउथ ईस्टर्न कोलफील्ड लिमिटेड SECL के करीब 35 हजार श्रमिकों को सीधे राहत मिलेगी।
श्रम एवं रोजगार मंत्रालय के मुख्य श्रम आयुक्त ने जारी सूचना में बताया है, औद्योगिक श्रमिकों के लिए औसत मूल्य सूचकांक 31 दिसंबर 2025 के 413.52 से बढ़कर 424.80 हो गया है। इसी आधार पर संयुक्त समिति की अनुशंसा के अनुसार ठेका श्रमिकों की मजदूरी में संशोधन किया गया है। नई दरों के तहत अकुशल श्रमिकों की दैनिक मजदूरी अब 1320 रुपये तय की गई है, जिसमें 1176 रुपये मूल वेतन और 144 रुपये वीडीए शामिल है। अर्ध-कुशल तथा पर्यवेक्षी श्रेणी के श्रमिकों को 1354 रुपये प्रतिदिन मिलेंगे, जिसमें 1206 रुपये मूल वेतन और 148 रुपये वीडीए रहेगा।
कुशल श्रमिकों के लिए दैनिक मजदूरी 1387 रुपये निर्धारित की गई है, जिसमें 1236 रुपये मूल वेतन और 151 रुपये वीडीए शामिल है। वहीं अत्यधिक कुशल श्रमिकों को अब 1421 रुपये प्रतिदिन मिलेंगे, जिसमें 1266 रुपये मूल वेतन और 155 रुपये वीडीए जोड़ा गया है। कंपनी के एमएंडआइआर डिवीजन ने सात अप्रैल 2026 को इस संबंध में कार्यालय आदेश जारी किया आदेश पर कार्यकारी निदेशक मानव संसाधन गौतम बनर्जी के हस्ताक्षर हैं।
श्रमिक संगठनों ने किया स्वागत
कोल इंडिया के इस फैसले का श्रमिक संगठनों ने स्वागत किया है। उनका कहना है कि समय पर वेतन संशोधन से श्रमिकों को महंगाई से राहत मिलेगी और औद्योगिक माहौल भी बेहतर बना रहेगा।
इनको भेजी जानकारी
ईसीएल, बीसीसीएल, सीसीएल, डब्ल्यूसीएल, एसईसीएल, एनसीएल, एमसीएल और सीएमपीडीआई समेत सभी अनुषंगी कंपनियों को भेजी गई हैं।