डीजल टैंकर और ट्रेलर में जोरदार भिडंत, NH हुआ जाम, अंबिकापुर-कटघोरा मार्ग पर लगा लंबा जाम, मंत्री का काफिला फंसा
CG Road Accident: छत्तीसगढ़ के काेरबा जिले में शनिवार देर रात एनएच पर डीजल टैंकर और ट्रेलर के बीच जोरदार भिड़ंत हो गया। हादसा इतना भयानक था, एक चालक केबिन में बुरी तरह फंस गया। पुलिस ने ग्रामीणों के सहयोग से रेस्क्यू कर चालक को बाहर निकाला।
कोरबा। 12 अप्रैल 2026|छत्तीसगढ़ के काेरबा जिले में शनिवार देर रात एनएच पर डीजल टैंकर और ट्रेलर के बीच जोरदार भिड़ंत हो गया। हादसा इतना भयानक था, एक चालक केबिन में बुरी तरह फंस गया। पुलिस ने ग्रामीणों के सहयोग से रेस्क्यू कर चालक को बाहर निकाला। हादसे के कारण नेशनल हाईवे तीन घंटे से भी अधिक समय तक जाम रहा। इसके चलते अंबिकापुर-कटघोरा रोड पर दोनों तरफ गाड़ियाें की लंबी कतार लग गई। इसी जाम में पर्यटन मंत्री राजेश अग्रवाल का काफिला भी फंसा रहा।
सड़क दुर्घटना कटघोरा थाना क्षेत्र के बरपाली स्थित लालघाट के पास हुआ। अंबिकापुर की तरफ से डीजल टैंकर आ रहा था, ट्रेलर कटघोरा की दिशा में जा रहा था। लालघाट के पास दोनों वाहनों की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। आसपास के लोगों ने पुलिस को सूचना दी। दुर्घटना में दोनों वाहनों के चालक घायल हो गए।
टैंकर चालक काफी देर तक अपने केबिन में फंसा रहा। कटघोरा थाना पुलिस तत्काल घटनास्थल पर पहुंची और फंसे हुए चालक को बाहर निकालने के लिए रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। हादसे के कारण एनएच 130 पर अंबिकापुर-कटघोरा मार्ग पूरी तरह से अवरुद्ध हो गया।
एनएच हो गया जाम, वाहनों की लगी लंबी कतार
इसके चलते सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं, इसके चलते तीन घंटे से भी अधिक समय तक एनएच जाम रहा। जाम में पर्यटन मंत्री का काफिला भी फंसा रहा, जिसे बाद में पुलिस ने वैकल्पिक व्यवस्था कर निकाला। टैंकर में डीजल भरा होने के कारण आग लगने का खतरा बना हुआ था। सुरक्षा के मद्देनजर पुलिस ने आसपास के क्षेत्र को खाली कराया। काफी मशक्कत के बाद बड़ी क्रेन की मदद से क्षतिग्रस्त टैंकर और ट्रेलर को सड़क से हटाया गया।
यातायात व्यवस्था को सामान्य करने के बाद पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार और लापरवाही को हादसे की मुख्य वजह माना जा रहा है। कटघोरा थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है।