CG News: सेना की फ़र्ज़ी ID और गांजे की तस्करी: पुलिस ने तस्करों से जप्त किया 21 किलो गांजा
CG News: एसीसीयू और सिविल लाइन पुलिस की टीम ने गांजा की तस्करी कर रहे दो लोगों को गिरफ्तार किया है। एक आरोपी पुलिस को सेना का फर्जी ID कार्ड दिखाकर गुमराह करने का प्रयास कर रहा था। आरोपी युवकों के कब्जे से 21 किलो गांजा जप्त किया गया है।
CG News: बिलासपुर। एसीसीयू और सिविल लाइन पुलिस की टीम ने गांजा की तस्करी कर रहे दो लोगों को गिरफ्तार किया है। एक आरोपी पुलिस को सेना का फर्जी ID कार्ड दिखाकर गुमराह करने का प्रयास कर रहा था। आरोपी युवकों के कब्जे से 21 किलो गांजा जब्त किया गया है। आरोपी के खिलाफ NDPS और कूटरचना का मामला दर्ज किया गया है। दोनों से पूछताछ कर पूरे सिंडिकेट की जानकारी जुटाई जा रही है।
CSP निमितेष सिंह ने बताया कि एसीसीयू की टीम को सूचना मिली थी कि दो लोग उसलापुर स्टेशन के पास घूम रहे हैं। दोनों की गतिविधियां संदिग्ध है। इसकी जानकारी अधिकारियों को देकर एसीसीयू की टीम ने सिविल लाइन पुलिस के साथ मौके पर घेराबंदी की। इधर पुलिस को देखकर दो लोग भागने की कोशिश करने लगे। पुलिस की टीम ने भाग रहे रूपेश सिंह पिता रघुराज सिंह(25) निवासी ग्राम कोटवा हनुमानगंज, थाना हडिया, जिला प्रयागराज और विनोद कुमार सिंह पिता भारत सिंह(38) निवासी वार्ड क्रमांक 38, बुड़ियादेवी मंदिर, थाना कोतवाली, जिला प्रतापगढ़ उत्तरप्रदेश को पकड़ लिया। पूछताछ के दौरान रूपेश सिंह जवानों को अपना आइ कार्ड दिखाते हुए खुद को सेना का जवान बताने लगा। उसकी हरकतें संदिग्ध होने पर पुलिस ने जांच कराई। इसमें आइ कार्ड फर्जी निकला। उसके बैग की तलाशी में गांजा मिला। गांजा जब्त कर पुलिस की टीम आरोपित को थाने ले आई। यहां पर आरोपित के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई की गई है।
तस्करों के तार ओडिशा से जुड़े
डीएसपी लालचंद मोहले ने बताया कि एक जुलाई को सीपत क्षेत्र के पंधी में रहने वाले नीरज वर्मा उर्फ मोनू को मस्तूरी पुलिस ने 20 किलो गांजा के साथ गिरफ्तार किया। इस दौरान एक आरोपी पुलिस को चकमा देकर भागने में कामयाब हो गया। पूछताछ में आरोपी ने भागने वाले युवक का नाम अदीप कुमार वर्मा उर्फ टेंगना बताया। उसने बताया , वह टेंगना के साथ ओडिशा से गांजा लेकर आ रहा था। इसे गनियारी में रहने वाले विनोद वर्मा को सप्लाई करना था। जांच के बाद पुलिस ने टेंगना और विनोद को भी गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में पता चला कि नीरज को ओडिशा के सुभर्नापुर जिला अंतर्गत सोनपुर थाना क्षेत्र के ग्राम कबटटालाई में रहने वाले अखुजा उर्फ अकुजा महानंद गांजा उपलब्ध कराया था। इसके बाद पुलिस की टीम ओडिशा में रहने वाले गांजा कारोबारी की जानकारी जुटा रही थी। जांच के दौरान मिली जानकारी के आधार पर पुलिस ने आरोपित को ओडिशा में दिबश देकर गिरफ्तार कर लिया। आरोपित को न्यायालय के आदेश पर जेल भेज दिया गया है।
इंड टू इंड जांच में पकड़े जा रहे तस्कर गैंग
SSP रजनेश सिंह ने बताया कि पुलिस मुख्यालय की ओर से नशे के कारोबार से जुड़े मामलों की इंड टू इंड जांच के निर्देश दिए गए हैं। इसके तहत गांजा और नशीली दवाओं के मामले में पुलिस की टीम सप्लायर, कोरियर और कंज्यूमर को पकड़ा जा रहा है। जांच के दौरान मिले तथ्यों के आधार पर इस मामले में शामिल अन्य सहयोगियों पर भी कार्रवाई की जा रही है।
नशे से कमाई संपत्ति हो रही सीज
पुलिस की ओर से नशे के कारोबार से जुड़े लोगों पर कड़ाई की जा रही है। पुलिस ने जिले में एक दर्जन से ज्यादा लाेगों की सात करोड़ से ज्यादा की संपत्ति जब्त की गई है। इसके लिए संपत्ति की जानकारी जुटाकर मुंबई स्थित सफेमा कोर्ट से अनुमति ली जा रही है। इस बीच शराब के अवैध कारोबार से जुड़े लोगों की भी संपत्ति जब्त की गई है।