कर्मचारियों को अवकाश देने पर मुख्यमंत्री का जताया आभार, कार्यदक्षता में होगी वृद्धि
CG News: छत्तीसगढ़ सरकार द्वारा शासकीय कर्मचारियों को विपश्यना ध्यान शिविरों में शामिल होने के लिए विशेष अवकाश दिए जाने का विभिन्न संगठनों द्वारा स्वागत किया जा रहा है।
रायपुर। 13 अप्रैल 2026| छत्तीसगढ़ सरकार द्वारा शासकीय कर्मचारियों को विपश्यना ध्यान शिविरों में शामिल होने के लिए विशेष अवकाश दिए जाने का विभिन्न संगठनों द्वारा स्वागत किया जा रहा है। छत्तीसगढ़ विपश्यना ट्रस्ट के पदाधिकारी ने शासन के इस निर्णय के लिए आभार व्यक्त किया। ट्रस्ट से जुड़े आचार्यों एवं ट्रस्टियों ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय से मिलकर उन्हें विपश्यना ध्यान की दिशा में शासकीय कर्मियों को प्रेरित करने के लिए धन्यवाद दिया।
प्रतिनिधिमंडल के सदस्यों ने बताया कि विपश्यना ध्यान एक प्रकार का तनाव प्रबंधन एवं सद्गुणों में वृद्धि का प्रशिक्षण है।
उल्लेखनीय है कि ट्रस्ट के निवेदन पर छत्तीसगढ़ सरकार के अधिकारियों एवं कर्मचारियों को तनाव मुक्ति, कार्यक्षमता में वृद्धि एवं नैतिक गुणों में संवर्धन के लिए विपश्यना शिविर में जाने के लिए 12 दिन का सवैतनिक अवकाश घोषित किया है। इसका लाभ कर्मचारी अपने सेवा काल में अधिकतम 6 बार उठा सकते हैं।
प्रतिनिधिमंडल में केन्द्र आचार्य सीताराम साहू, सहायक आचार्य सत्यजीत ठाकुर , सहायक आचार्य जी आर प्रजापति , ओमप्रकाश सिंघानिया ट्रस्टी एवं सचिव पुरषोतम लाल डागा, अक्षय शर्मा, अरूण अग्रवाल शामिल थे।
प्रतिनिधि मंडल ने मुख्यमंत्री को बताया कि महाराष्ट्र सरकार पिछले 15 वर्षों से विपश्यना की पहले स्टेज आनापान ध्यान का 10-10 मिनट का अभ्यास प्रतिदिन स्कूलों में 2.5 करोड़ बच्चों एवं 6 लाख शिक्षकों को करा रही है। इस कड़ी में प्रतिनिधिमंडल ने आग्रह किया कि छत्तीसगढ़ के स्कूलों में भी बच्चों के लिए 10 मिनट का आनापान तथा प्रत्येक स्कूल से कम से कम एक शिक्षक के लिए दस दिवसीय विपश्यना शिविर करवाये जाने का निर्णय लिया जाए।
प्रतिनिधियों ने कहा कि बच्चों में बढ़ रहे मानसिक तनाव रियेक्शन की समस्या से निपटने में 10 मिनट का आनापान ध्यान बहुत ही कारगर साबित होगा। महाराष्ट्र की तरह ही असम, दिल्ली व गुजरात के स्कूलों में भी आनापान ध्यान का अभ्यास कराया जा रहा है।