CG Crime News: VIDEO: MP से छत्तीसगढ़ सहित देश के कई राज्यों में हो रही हथियारों की तस्करी, फायरिंग का डेमो दिखाकर पिस्टल की डील! ऐसे पकड़ाया खरीदार
CG Crime News: पूरा डील पिक्चर स्टाइल में, हुबहू वैसा ही, पिस्टल का डेमो दिखाया और फिर सौदेबाजी पक्की। वीडियो देखकर आप भी हैरान रह जाएंगे।
इमेज सोर्स- NPG News
06 फरवरी 2026| बिलासपुर। यह चौंकाने वाली और हैरान वाली खबर है। मध्य प्रदेश के बड़वानी से हथियारों की तस्करी छत्तीसगढ़ हो रही है। सप्लायर और तस्कर गुपचुप तरीके से हथियारों की सप्लाई कर रहे हैं। अचरज की बात ये कि पूरी सौदेबाजी फिल्मी स्टाइल में हो रही है। पहले पिस्टल व घातक हथियारों का डेमो दिखाया जाता है,उसके बाद सौदेबाजी की जाती है। डील पक्का होने के बाद सप्लाई होती है। यह सनसनीखेल खुलासा और गोरखधंधे से पर्दा पुलिस की कार्रवाई से हुई है। दरअसल पुलिस ने 3 फरवरी को शहर के मिनी बस्ती निवासी आदतन बदमाश स्वराज कुर्रे (20) के घर रेड मारी थी। तलाशी के दौरान उसके मोबाइल से पिस्टल से फायरिंग का वीडियो बरामद हुआ, जिसे हथियार बेचने के लिए डेमो के तौर पर इस्तेमाल किया गया था।
रेड के दौरान पुलिस ने स्वराज के घर से 2 पिस्टल, 4 मैगजीन, 20 जिंदा कारतूस और 1100 प्रतिबंधित नशीले टेबलेट जब्त किए। पूछताछ में आरोपी ने भोपाल के सप्लायर धीरेंद्र सिंह तोमर (37) और बड़वानी में अवैध हथियार निर्माण से जुड़े कारखाने की जानकारी दी। इसके बाद पुलिस ने सप्लायर और बिलासपुर के खरीददार को गिरफ्तार किया। मामला सिविल लाइन थाना क्षेत्र का है।
मध्य प्रदेश के बड़वानी से ऐसे होती थी हथियारों की सप्लाई
MP के बड़वानी जिले के जंगलों में अवैध हथियार बनाने का कारखाना है, जहां ऑटोमैटिक पिस्टल बनाए जाते हैं। बड़वानी के अवैध हथियार कारखाने से बने हथियारों की सप्लाई पहले भोपाल में की जाती है। अवैध कारखाना से हथियार सीधे भोपाल में धीरेंद्र सिंह तोमर जैसे सप्लायर्स को बेचे जाते हैं।
भोपाल में सप्लायरः बड़वानी से बने हथियार भोपाल में धीरेंद्र सिंह तोमर जैसे सप्लायर्स को बेचे जाते हैं, जो आगे की सप्लाई का काम करते हैं। बिलासपुर में हिस्ट्रीशीटर स्वराज कुर्रे व इसके जैसे और कई लोगों को बेचे जाते हैं।
बिलासपुर में हिस्ट्रीशीटर: धीरेंद्र सिंह तोमर बिलासपुर के हिस्ट्रीशीटर स्वराज कुर्रे जैसे कई लोगों को हथियार सप्लाई करते हैं। स्वराज कुरें जैसे आदतन अपराधी शहर में लोगों को अवैध हथियार बेच रहे थे।
ये है पूरा मामला
पुलिस के अनुसार, स्वराज कुर्रे (20) हिस्ट्रीशीटर है, वह पहले भी नशे और अवैध हथियार के मामले में जेल जा चुका है। पुलिस ने जांच के दौरान जरहाभाठा मिनी बस्ती में उसके घर अचानक दबिश दी थी, जहां से हथियार बरामद हुए हैं। आरोपी ने पूछताछ में भोपाल के सप्लायर धीरेंद्र सिंह तोमर (37) का नाम बताया था, जिसने उसे 4 पिस्टल दिया था। जांच में सामने आया है कि बड़वानी से छत्तीसगढ़ सहित देश के अलग-अलग राज्यों तक हथियारों के सप्लाई होते हैं। इस पूरे कार्रवाई को अंजाम देने के लिए पुलिस ने विशेष टीम बनाई। बिलासपुर पुलिस की टीम बड़वानी पहुंची। जंगल के अंदर करीब 20 किलोमीटर अंदर अवैध हथियार निर्माण का कारखाना मिला, जहां छोटे-छोटे पिस्टल बनाए जा रहे थे। पुलिस के पहुंचने से पहले ही सरगना फरार हो गया था। हालांकि भोपाल के अवैधपुरी स्थित आईडियल सिटी से सप्लायर तोमर पकड़ा गया।
चार पिस्टल बरामद
पुलिस के अनुसार, 2 साल पहले डकैती के मामले में स्वराज और उसके साथियों से 3 पिस्टल जब्त की गई थी। चौथी पिस्टल 30 जनवरी को स्वराज की स्कूटी से बरामद की गई। इस तरह पुलिस ने स्वराज से सप्लाई की गई चारों पिस्टल बरामद कर ली है। साथ ही प्रतिबंधित नशीली टेबलेट भी जब्त की गई है।
छत्तीसगढ़ के इन राज्यों में होती है सप्लाई
स्थानीय लोगों के मुताबिक, बड़वानी के जंगलों में बनने वाले पिस्टल छत्तीसगढ़ सहित देश के कई राज्यों में सप्लाई होते हैं। महाराष्ट्र बॉर्डर के पास इसकी सबसे अधिक सप्लाई होती है। महाराष्ट्र, दिल्ली, हरियाणा और आंध्र प्रदेश की पुलिस भी पहले कई बार रेड कर चुकी है, लेकिन बड़े नेटवर्क तक नहीं पहुंच पाई। जानकारी के मुताबिक, मध्यप्रदेश पुलिस ने बड़वानी के जंगलों से हथियार निर्माण और सप्लाई में शामिल 15 से अधिक आरोपियों को गिरफ्तार किया था, जो फिलहाल जेल में हैं। इसके बाद कई अवैध कारखाने बंद हो गए हैं, लेकिन कई चालू भी है।
नेटवर्क ध्वस्त करने चल रही बड़ी कार्रवाई
बिलासपुर जिले के SSP रजनेश सिंह का कहना है, पुलिस अवैध हथियार और नशीले पदार्थ के नेटवर्क को ध्वस्त करने एंड-टू-एंड कार्रवाई कर रही है। आरोपियों की अवैध रूप से अर्जित संपत्तियों की पहचान कर ली गई है। जल्द ही वैधानिक कार्रवाई करते हुए संपत्तियों की जब्ती की प्रक्रिया शुरू की जाएगी और आर्थिक रूप से भी आरोपियों पर प्रहार किया जाएगा।