CG के मंगला अपार्टमेंट में भीषण आग: रिहायशी परिसर में चल रहा था गोदाम, कमिश्नर बोले-कार्रवाई होगी
CG News: छत्तीसगढ़ बिलासपुर के मंगला क्षेत्र स्थित गजमोहिनी अपार्टमेंट के निचले हिस्से में रविवार तड़के भीषण आग लग गई। आग लगते ही पूरे परिसर में अफरा-तफरी मच गई।
इमेज सोर्स- NPG News
बिलासपुर।1 मार्च 2026| छत्तीसगढ़ बिलासपुर के मंगला क्षेत्र स्थित गजमोहिनी अपार्टमेंट के निचले हिस्से में रविवार तड़के भीषण आग लग गई। आग लगते ही पूरे परिसर में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही पुलिस और दमकल की टीम मौके पर पहुंची।कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
अपार्टमेंट में कुल 48 फ्लैट हैं। हालांकि, कितने परिवार रह रहे हैं इसकी जानकारी सामने नहीं आई है। घटना सिविल लाइन थाना क्षेत्र की है। जांच में सामने आया कि रिहायशी अपार्टमेंट का व्यावसायिक उपयोग किया जा रहा था। ग्राउंड फ्लोर पर इलेक्ट्रॉनिक सामान का बड़ा गोदाम संचालित हो रहा है। नगर निगम कमिश्नर प्रकाश कुमार सर्वे ने बताया, रिहायशी अपार्टमेंट में गोदाम चलाना नियम विरुद्ध है। संचालकों से दस्तावेज मांगे जाएंगे, नियमों की अनदेखी व उल्लंघन पाए जाने पर कार्रवाई की जाएगी। कमिश्नर ने शहर के सभी अपार्टमेंट का सर्वे कराने की बात कही, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाएं रोकी जा सकें।
धुआं दिखते ही मची भगदड़
सुबह सबसे पहले नीचे काम कर रहे कर्मचारियों ने धुआं उठते देखा। प्रत्यक्षदर्शी दिनेश कुमार मिश्रा ने बताया, शुरुआत में हल्का धुआं था, कुछ ही देर में आग ने विकराल रूप ले लिया। सूचना दी गई, तब तक लपटें तेजी से फैल चुकी थीं।
आगजनी के एक घन्टे बाद पहुंचा दमकल
सूचना के करीब एक घंटे बाद फायर ब्रिगेड पहुंची और आग बुझाने का अभियान शुरू हुआ। अधिकारियों ने बताया कि गोदाम बड़ा है, अंदर जाने का रास्ता संकरा है। धुआं, तेज गर्मी के कारण भीतर पहुंचना मुश्किलभरा रहा। दीवार तोड़कर अंदर पहुंचने की कोशिश की गई। आग पर लगभग काबू पा लिया गया है, आगजनी की ग्घटना से लाखों रुपये का इलेक्ट्रॉनिक सामान जल गया। फिलहाल किसी जनहानि की सूचना नहीं है।