CG Crime News: साइबर ठगों का स्वर्ग बना छत्तीसगढ़ का कुसमुंडा इलाका, ऑनलाइन ठगी की रकम म्यूल अकाउंट के जरिए यहां भेजी जा रही ...
CG Crime News: साइबर ठगों के लिए छत्तीसगढ़ के काेरबा जिले का कुसमुंडा इलाका स्वर्ग से कम नहीं है। यहां दर्जनों म्यूल अकाउंट के जरिए ठगी की रकम ट्रांसफर करने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। संदिग्ध लेन-देन का इनपुट केंद्रीय गृह मंत्रालय के विशेष विंग के राडार पर आया है। स्पेशल विंग ने समन्वय पोर्टल के जरिए इनपुट की जानकारी कोरबा पुलिस को दी गई।
इमेज सोर्स- गूगल, एडिट बाय- NPG News
9 फरवरी 2026: कोरबा। साइबर ठगों के लिए छत्तीसगढ़ के काेरबा जिले का कुसमुंडा इलाका स्वर्ग से कम नहीं है। यहां दर्जनों म्यूल अकाउंट के जरिए ठगी की रकम ट्रांसफर करने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। संदिग्ध लेन-देन का इनपुट केंद्रीय गृह मंत्रालय के विशेष विंग के राडार पर आया है। स्पेशल विंग ने समन्वय पोर्टल के जरिए इनपुट की जानकारी कोरबा पुलिस को दी गई। केंद्रीय गृह मंत्रालय के साइबर विंग द्वारा जब देशभर के संदिग्ध बैंक खातों की निगरानी की जा रही थी, तब कुसमुंडा क्षेत्र से जुड़े एक म्यूल अकाउंट की गतिविधियां संदिग्ध पाई गईं। इसके बाद मंत्रालय ने कोरबा पुलिस को अलर्ट किया। सूचना मिलते ही कुसमुंडा पुलिस ने मामले की जांच शुरू की।
मिले इनपुट पर गौर करें तो यह पूरा इंटर स्टेट ठगी से जुड़ा हुआ है। देश के अलग-अलग राज्यों से ठगी की रकम को कुसमुंडा में खोले गए म्यूल अकाउंट के जरिए ट्रांसफर किया जा रहा है। स्पेशल विंग के इनपुट और समन्वय पोर्टल में भेजी गई जानकारी के आधार पर कोरबा पुलिस जांच पड़ताल में जुट गई है। जांच में यह बात सामने आई है कि दूसरों के दस्तावेजों का उपयोग कर म्यूल अकाउंट खुलवाया गया है, जिसके जरिए ठगी की रकम कुसमुंडा भेजी जा रही थी। पुलिस जांच में यह बात सामने आई है कि आनंद नगर, कुसमुंडा निवासी तबरेज खान ने अन्य लोगों के दस्तावेजों का उपयोग कर बैंक खाता खुलवाया था। इसी खाते में देश के अलग-अलग राज्यों से साइबर ठगी की रकम ट्रांसफर की जा रही थी। बहरहाल यह साफ नहीं हो पाया है कि खाते में कुल कितनी राशि जमा हुई और बाद में यह रकम किन-किन अकाउंट में ट्रांसफर किया गया। कुसमुंडा पुलिस ने आरोपी तबरेज के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। साइबर सेल की मदद से बैंक स्टेटमेंट, ट्रांजेक्शन हिस्ट्री, मोबाइल नंबर और डिजिटल साक्ष्यों की जांच की जा रही है।
जांच के दौरान रामगोपाल श्रीवास और पुष्पेंद्र साहू के नाम से संचालित खातों का भी जिक्र सामने आया है। पुलिस ने दोनों को थाने बुलाकर पूछताछ की, जिसमें खातों के दुरुपयोग की बात सामने आई।
क्या है म्यूल अकाउंट
म्यूल अकाउंट वह बैंक खाता होता है, जिसका इस्तेमाल साइबर अपराधी, ठगी या अवैध धन को इधर-उधर करने के लिए करते हैं। ठगी की रकम पहले ऐसे खातों में डाली जाती है और फिर वहां से दूसरे खातों में ट्रांसफर कर दी जाती है। कई बार खाताधारक को इसकी पूरी जानकारी नहीं होती, जबकि कई मामलों में लालच देकर खाते किराए पर भी लिए जाते हैं।