IAS रजत कुमार ने किया ज्वाईन, अमित कटारिया दिल्ली लौटे, आजकल में आईएएस ट्रांसफर, सचिवों के विभागों में होगा बदलाव...

आईएएस रजत कुमार सेंट्रल डेपुटेशन से छत्तीसगढ़ लौट आए हैं। मगर दो दिन पहले ज्वाइनिंग देने वाले आईएएस अमित कटारिया दिल्ली लौट गए हैं। वे कब आएंगे, इसकी कोई जानकारी नहीं है।

Update: 2024-09-05 06:08 GMT

रायपुर। आईएएस अधिकारियों को सेंट्रल डेपुटेशन से लौटना जारी है। कल शाम रजत कुमार दिल्ली से रायपुर पहुंचे और अब से कुछ देर पहले उन्होंने मंत्रालय पहुंचकर अपनी ज्वाईनिंग दे दी। रजत के बाद रोहित यादव भी छत्तीसगढ़ लौटने वाले हैं। ये दोनों सिकरेट्री लेवल के अधिकारी हैं। रजत 2005 बैच के छत्तीसगढ़़ कैडर के आईएएस अफसर हैं तो रोहित 2002 बैच के। रोहित प्रधानमंत्री कार्यालय में ज्वाइंट सिकरेट्री थे, तो रजत डीओपीटी में ज्वाइंट सिकरेट्री। कामकाज के मामले में दोनों अधिकारी रिजल्ट देने वाले माने जाते हैं।

अमित वापिस लौटे

2004 बैच के आईएएस अधिकारी अमित कटारिया सात साल का डेपुटेशन पूरा करने के बाद दो रोज पहले छत्तीसगढ़ लौटे मगर ज्वाईनिंग करने के बाद उसी दिन लंबी छुट्टी की अर्जी लगाकर वापिस दिल्ली लौट गए। बताते हैं, अमित ने नवंबर तक की छुट्टी ली है। मगर उसके बाद भी वे यहां आएंगे, इस पर संशय है। ब्यूरोक्रेसी में उन्हें रेजिडेंट कमिश्नर बनाए जाने की चर्चाएं हैं।

रोहित अगले महीने आएंगे

प्रधानमंत्री कार्यालय में ज्वाइंट सिकरेट्री रहे डॉ0 रोहित यादव वहां से रिलीव होने के बाद अवकाश पर हैं। वे अक्टूबर के फर्स्ट वीक में छत्तीसगढ़ लौटेंगे। रोहित पीएमओ में देश का इंफ्रास्ट्रक्चर देखते थे। सो, उनका पोर्टफोलिया काफी अहम रहा है।

जल्द ही सचिव स्तर पर सर्जरी

रजत कुमार के लौटने के बाद समझा जाता है कि उन्हें विभाग का दायित्व देने आजकल में आईएएस की एक लिस्ट निकलेगी। इसमें कुछ सचिवों को इधर-से-उधर किया जा सकता है। खबर है, एसीएस मनोज पिंगुआ के वर्कलोड कम कर हेल्थ किसी दूसरे सचिव को सौंपा जा सकता है। मनोज के पास इस समय गृह, जेल, हेल्थ सर्विसेज और मेडिकल एजुकेशन सचिवालय की जिम्मेदारी है। गृह अपने आप में काफी बड़ा महकमा माना जाता है। उस पर नक्सल स्टेट। दूसरे राज्यों में हेल्थ सर्विसेज और मेडिकल एजुकेशन अगल-अलग सचिवों के पास होता है। सो, हो सकता है कि सरकार मनोज से हेल्थ लेकर उनका भार कम करें।

लौटने का क्रम जारी

छत्तीसगढ़ में सरकार बदलने के बाद आईएएस, आईपीएस अधिकारियों के लौटने का क्रम जारी है। ऋचा शर्मा, सोनमणि बोरा, अविनाश चंपावत, मुकेश बंसल, अमरेश मिश्रा, धू्रव गुप्ता, अमित कटारिया के बाद अब रजत कुमार आए हैं। और अगले महीने डॉ0 रोहित यादव लौटेंगे। इसके बाद दो-तीन और अफसरों के छत्तीसगढ़ आने की चर्चाएं हैं।

Full View

Tags:    

Similar News