ब्रेकिंग : बृहस्पति सिंह को नोटिस के बावजूद सिंहदेव सदन में नहीं आएंगे….. टीएस प्रकरण की आज भी रहेगी सदन में गूंज…..चंदूलाल चंद्राकर मेडिकल कालेज अधिग्रहण सहित इन मामलों पर गरमायेगा सदन… ये तीन मंत्री देंगे आज सवालों का जवाब
रायपुर 27 जुलाई 2021। छत्तीसगढ़ विधानसभा में आज भी टीएस सिंहदेव का मुद्दा गूंज सकता है। इससे पहले कल भी सिंहदेव के मुद्दे पर विपक्ष ने हंगामा किया था। हालांकि इन सबके बीच सिंहदेव आज सदन नहीं आ रहे हैं। कल सिंहदेव ये कहते हुए सदन से बाहर चले गये थे, कि जब तक सरकार उन्हे लेकर स्पष्ट रूख नहीं बताती, तब तक वो खुद को सदन में बैठने योग्य नहीं समझते हैं। सिंहदेव के इस कदम के बाद सदन में खूब बवाल हुआ था। जानकारी के मुताबिक सिंहदेव ने सदन में नहीं आने की सूचना विधानसभा सचिवालय को भी दे दी है। सिंहदेव की अनुपस्थिति में रवीन्द्र चौबे विभागीय कामकाज को सदन में पूरा करेंगे। इससे पहले कल देर रात ही बृहस्पति सिंह को पार्टी ने नोटिस जारी कर 24 घंटे में जवाब मांगा था। नोटिस के बाद भी स्वास्थ्य मंत्री का गुस्सा शांत नहीं हुआ है।
वहीं आज सदन की गतिविधि की बात करें तो सदन में तीन विधेयक पेश किये जायेंगे। चंदूलाल चंद्राकर मेडिकल कालेज के अधिग्रहण विधयक को भी आज सदन में पेश किया जायेगा। इस मुद्दे पर चर्चा के दौरान विपक्ष हंगामा कर सकता है। मेडिकल कालेज के अधिग्रहण के मुद्दे पर कल से ही बीजेपी दिल्ली से लेकर रायपुर तक आक्रामक है। हालांकि इस मामले में मुख्यमंत्री का जवाब आ चुका है, बावजूद मुद्दें को आज सदन में तूल दिया जा सकता है। वहीं उमेश पटेल प्राइवेट यूनिवर्सिटी विधेयक और रविंद्र चौबे विधान मंडल सदस्य निरर्हता निवारण संशोधन विधेयक सदन में पेश करेंगे।
इससे पहले ध्यानाकर्षण में हाथियों के हमले से हुई मौत और सड़क चौड़ीकरण में मुआवजा का मुद्दा उठाया जायेगा। आज सदन में मुख्यमंत्री भूपेश बघेल लोक सेवा अधिनियम, रविंद्र चौबे विधायकों के वेतन-भत्ते अधिनियम और महोम्मद अकबर मोटरयान कराधन अधिनियम को लेकर पत्रों को सदन के पटल में रखेंगे।
आज विधानसभा में तीन मंत्री सवालों का सामना करेंगे। गृहमंत्री ताम्रध्वज साहू, खाद्य मंत्री अमरजीत भगत और नगरीय प्रशासन मंत्री शिव डहरिया आज विधानसभा में सवालों का जवाब देंगे। प्रदेश में बिगड़ती कानून व्यवस्था, धान की नीलामी जैसे मुद्दों को लेकर आज विपक्ष सरकार पर तीखे हमले कर सकता है।