Prashant Veer : रोजाना 14 किमी साइकिल चला सीखा क्रिकेट का ककहरा और अब धोनी को बनाया दीवाना, जानिए कौन है ये 14 करोड़ का क्रिकेटर?
Prashant Veer : 30 लाख रुपये के बेस प्राइज वाले प्रशांत वीर पर इस बार ऑक्शन में चेन्नई सुपरकिंग्स ने पैसों की बारिश कर दी। CSK ने इस युवा ऑलराउंडर को 14.20 करोड़ रुपये की बोली लगाकर टीम में शामिल किया।
इमेज सोर्स - गूगल
Prashant Veer : "पसीने की स्याही से जो लिखते हैं अपने इरादों को....उनके मुकद्दर के पन्ने कभी कोरे नहीं हुआ करते।" त्याग, तपस्या और समर्पण के बलबूते कुछ ऐसा ही कर दिखाया है उत्तर प्रदेश के अमेठी के लाल प्रशांत रमेंद्र वीर ने, जिन्होंने चेन्नई सुपर किंग्स के नेट सेशन में अपने धुआंधार शॉट्स से पूर्व कप्तान महेन्द्र सिंह धोनी को दीवाना बना दिया है।
प्रशांत की पावर हिटिंग के मुरीद हुए धोनी
CSK के नेट्स प्रैक्टिस के दौरान का एक वीडियो इनदिनों सोशल मीडिया पर काफी वायरल हो रहा है, जिसमें खब्बू बल्लेबाज प्रशांत वीर बैटिंग करते दिखते हैं और नेट्स के पीछे महेन्द्र सिंह धोनी खड़े हैं। प्रशांत वीर ने पहले ऑफ साइड में एक झन्नाटेदार शॉट लगाया, जिसके बाद धोनी ने शानदार रिएक्शन दिया और कहा 'शॉट'। इसके कुछ देर बाद प्रशांत वीर ने एक स्कूप शॉट खेला, फिर धोनी ने 4 रन का इशारा करते हुए अचरज भरी निगाहों से देखा। इसके बाद युवा बल्लेबाज ने एक स्ट्रेट ड्राइव खेली और फिर धोनी ने बोला 'शानदार शॉट'।
जडेजा के रिप्लेसमेंट हैं प्रशांत वीर
चेन्नई सुपर किंग्स के ऑलराउंडर प्रशांत वीर की बैटिंग के अंदाज से महेन्द्र सिंह धोनी काफी प्रभावित दिखे। क्रिकेट विशेषज्ञों की माने तो आमतौर पर माही अपने इमोशन जाहिर नहीं करते लेकिन इस वीडियो में देखकर ऐसा लगता है कि रांची के राजकुमार अमेठी के लाल प्रशांत वीर की बल्लेबाजी से काफी इंप्रेस हैं। गौरतलब है कि प्रशांत वीर पावर हिटिंग के साथ-साथ बाएं हाथ के शानदार फिरकी गेंदबाज भी हैं। स्लॉग ओवर्स में लंबे-लंबे छक्के लगाने वाले प्रशांत वीर को रविंद्र जडेजा के रिप्लेसमेंट के तौर पर देखा जा रहा है।
कौन हैं प्रशांत वीर?
फिलहाल ये सवाल हर क्रिकेट लवर्स के जेहन में कौंध रहा है कि आखिर ये युवा बल्लेबाज प्रशांत वीर है कौन? दरअसल, 20 साल के इस युवा ऑलराउंडर का ताल्लुक अमेठी के संग्रामपुर थाना क्षेत्र के गुजीपुर गांव से है, जहां से कड़ी मेहनत के बाद उन्होंने आज ये मुकाम हासिल किया है। अमेठी के भीमराव स्टेडियम में क्रिकेट का ककहरा सीखने वाले प्रशांत वीर रोजाना 12 से 14 किलोमीटर साइकिल चलाकर स्टेडियम पहुंचते थे और प्रैक्टिस करते थे। वीर के बचपन के दोस्तों की माने तो मौसम कैसा भी हो लेकिन प्रशांत कभी हिम्मत नहीं हारते थे और मेहनत से पीछे नहीं हटते थे, जिसका फल आज उन्हें मिल रहा है। उनकी कामयाबी के पीछे अनुशासन, मेहनत और कोच गालिब की अहम भूमिका रही है।
2025 में चुने गये 'एमर्जिंग प्लेयर ऑफ द सीजन'
प्रशांत वीर के आंकड़ों की बात करें तो उन्होंने अबतक मात्र 9 टी20 मैच खेले हैं, जिनमें 167.16 की स्ट्राइक रेट से कुल 112 रन बनाए हैं। उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर बिहार के खिलाफ नाबाद 40 रन था। वहीं, गेंदबाजी में कुल 9 टी20 मैच में 12 विकेट झटके हैं। एक मैच में उन्होंने मात्र 7 रन देकर 3 विकेट झटके हैं। टी20 मैचों में उनकी इकोनॉमी 6.45 रही है। प्रशांत वीर को यूपी टी20 लीग 2025 के दौरान 'एमर्जिंग प्लेयर ऑफ द सीजन' चुना गया था।
CSK ने की नोटों की बारिश
गौरतलब है कि 30 लाख रुपये के बेस प्राइज वाले प्रशांत वीर पर इस बार ऑक्शन में चेन्नई सुपरकिंग्स ने पैसों की बारिश कर दी। CSK ने इस युवा ऑलराउंडर को 14.20 करोड़ रुपये की बोली लगाकर टीम में शामिल किया। ऑक्शन के दौरान प्रशांत वीर को खरीदने के लिए 5 टीमों ने धड़ाधड़ बोली लगाई थी लेकिन आखिर में चेन्नई सुपर किंग्स ने बाजी मारी।