Aryaman Birla Biography : राजस्थान रॉयल्स का पूर्व क्रिकेटर बना कोहली की टीम RCB का नया मालिक, कप्तान रजत पाटीदार के साथ कर चुका है ओपनिंग

Aryaman Birla Biography : आर्यमन बिड़ला ने अपने क्रिकेट करियर में 9 फर्स्ट क्लास मैच खेले हैं, जिनमें कुल 414 रन बनाए हैं। इनमें नाबाद 103 रनों की एक शतकीय पारी भी शामिल है। ये पारी कोलकाता के ऐतिहासिक ईडन गार्डन में बंगाल रणजी टीम के खिलाफ खेली थी।

Update: 2026-03-25 06:54 GMT

इमेज सोर्स - गूगल

Aryaman Birla Biography : रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु की टीम का मालिक अब बदल चुका है। IPL 2025 की विजेता टीम का अब वो शख्स मालिक बन गया है, जिसने कभी इस टीम के कप्तान रजत पाटीदार और क्रिकेटर वेंकटेश अय्यर के साथ ड्रेसिंग रूम शेयर किया था। आरसीबी के नये प्रमुख का नाम है - आर्यमन बिड़ला।

फिटनेस के प्रति जुनूनी हैं आर्यमन बिड़ला

आर्यमन बिड़ला में "बिड़ला" उपनाम ही लोगों के समझने के लिए काफी है। इस खास शख्स का ताल्लुक बिड़ला घराने से है। 9 जुलाई 1997 को मुंबई में जन्मे आर्यमन बिड़ला मशहूर उद्योगपति कुमार मंगलम बिड़ला के पुत्र हैं। बचपन से ही क्रिकेट के प्रति दीवानगी ने ही आर्यमन बिड़ला को बिजनेस से इतर 22 गज की रपटीली राह तय करने के लिए उत्साहित किया। वे शुरुआती दौर से ही क्रिकेट की दुनिया में रम गये, जिसका नतीजा रहा कि उन्होंने मध्यप्रदेश रणजी टीम का प्रतिनिधित्व भी किया।


दिलचस्प बात ये है कि आर्यमन बिड़ला ने मौजूदा रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के कप्तान रजत पाटीदार के साथ मध्यप्रदेश की तरफ से ओपनिंग भी की है। वे एक खब्बू सलामी बल्लेबाज थे। उन्होंने प्रथम श्रेणी मैच के साथ-साथ लिस्ट ए के भी मैच खेले हैं। वे फिटनेस के प्रति काफी जुनूनी हैं।

रजत पाटीदार के साथ की थी ओपनिंग

साल 2017 में आर्यमन बिड़ला ने ओडिशा के खिलाफ प्रथम श्रेणी क्रिकेट में डेब्यू किया था। इस मैच में उन्होंने रजट पाटीदार के साथ ओपनिंग भी की थी। ओडिशा के खिलाफ खेले गये इस मैच में आर्यमन बिड़ला ने 2 चौके की मदद से 67 गेंदों पर 16 रनों की छोटी-सी पारी खेली थी। वे गोविंदा पोद्दार की गेंद पर पगबाधा आउट हुए थे। वहीं, उनके पार्टनर रजत पाटीदार ने इस मैच में 12 चौके की मदद से 123 रनों की शतकीय पारी खेली थी।


आर्यमन बिड़ला ने अपने क्रिकेट करियर में 9 फर्स्ट क्लास मैच खेले हैं, जिनमें कुल 414 रन बनाए हैं। इनमें नाबाद 103 रनों की एक शतकीय पारी भी शामिल है। ये पारी कोलकाता के ऐतिहासिक ईडन गार्डन में बंगाल रणजी टीम के खिलाफ खेली थी। उन्होंने एक अर्धशतक भी लगाया है।

साल 2019 में खेला आखिरी मैच

लिस्ट 'ए' करियर की बात करें तो उन्होंने 4 मैच में मात्र 36 रन बनाए हैं। साल 2017 में डेब्यू करने वाले आर्यमन बिड़ला ने साल 2019 में आखिरी मैच खेला था। आंध्र प्रदेश के खिलाफ खेले गये इस मैच में आर्यमन बिड़ला ने पहली पारी में 3 और दूसरी पारी में मात्र 12 रन बनाए थे। इस मैच में उनका प्रदर्शन बेहद ही निराशाजनक था।


साल 2019 में पेशेवर क्रिकेट से लिया संन्यास

इसके बाद आर्यमन बिड़ला उसवक्त सुर्खियों में आए थे, जब IPL 2018 की नीलामी में राजस्थान रॉयल्स की टीम ने उन्हें 30 लाख रुपये में खरीदा था। हालांकि, वे एक भी मैच नहीं खेल पाए। इसके बाद साल 2019 में वे मानसिक स्वास्थ्य से जुड़ी चुनौतियों का हवाला देते हुए प्रोफेशनल क्रिकेट से संन्यास का एलान कर दिया। फिलहाल अब वे आरसीबी के नये प्रमुख बन गये हैं।

आदित्य बिड़ला ग्रुप की अगुवाई वाले समूह ने इस टीम को 16 हजार 660 करोड़ रुपये यानी 1.78 बिलियन डॉलर में खरीद लिया है। ABG यानी आदित्य बिड़ला ग्रुप ने USL यानी यूनाइटेड स्पिरिट्स लिमिटेड से रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु को खरीदा है। इस सौदे में आरसीबी की मेंस और वुमेंस दोनों टीमों को शामिल किया गया है। अब आरसीबी के चेयरमैन आर्यमन विक्रम बिड़ला होंगे। TOI यानी टाइम्स ऑफ इंडिया के सत्यन गजवानी उपप्रमुख होंगे।

Tags:    

Similar News