अंतर्राज्यीय ट्रक चोर गिरोह के दो सदस्य पकड़ाए...चोरी कर भाग रहे थे दूसरे राज्य, पुलिस ने बिलासपुर से पकड़ा...ट्रक भी बरामद
रायपुर 16 नवम्बर 2021। रायपुर पुलिस ने ट्रक चोरी करने वाले अंतर्राज्यीय गिरोह के दो सदस्यों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने दोनों आरोपी को बिलासपुर से धरदबोचा है।
जानकारी के मुताबिक, 11 नवम्बर को भनपुरी दम्मानी पेट्रोल पंप के पास से सरिया से भारी ट्रक चोरी होने की शिकायत ट्रक मालिक ने खमतराई थाने में दर्ज कराई थी। पीड़ित ने अपनी शिकायत में बताया था कि, सिलतरा से उसके ट्रक में सरिया भरकर विया स्टील तेलीबांधा अनलोड करने के लिए रवाना किया गया था। इस बीच रात साढ़े सात बजे ट्रक का ड्राइवर वाहन को भनपुरी दम्मानी पेट्रोल पंप के पास खड़ी कर खाना खाने के लिए चला गया था। रात करीब 10 बजे जब वो लौटा तो ट्रक उस जगह पर नहीं था। इस घटना के बाद ट्रक मालिक अपने ड्राइवर के साथ खमतराई थाने में पहुंचा और इसकी शिकायत दर्ज कराई थी।
मामले को गंभीरता से लेते हुए एसपी प्रशांत अग्रवाल ने खमतराई टीआई अश्वनी राठौर को जांच के आदेश दिए। जांच के दौरान पुलिस को मुखबिर से पता चला कि, आरोपी ट्रक के साथ बिलासपुर की ओर जा रहा है। इस सूचना के बाद चोरी की ट्रक और उसमें बैठे दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। पकड़े गए आरोपियों में दीपक बांधवा 30 वर्ष डिंडौरी मप्र और कृष्णा राम 35 वर्ष निवासी सिवान बिहार को गिरफ्तार किया गया है। दोनों आरोपी पूर्व में भी ट्रक चोरी की वारदात को अंजाम दे चुके है। फिलहाल दोनों आरोपियों से पूछताछ की जा रही है।