कानून के हाथ इसलिए हैं लंबे...चोर ने पुलिस कंट्रोल रूम में दी उपद्रव की झूठी सूचना, पहले पुलिस टीम परेशान हुई, फिर ऐसे फंसा बदमाश

Update: 2021-10-20 08:31 GMT

POLICE CG

कवर्धा, 20 अक्टूबर 2021। कानून के हाथ लंबे होते हैं...ऐसा फिल्मी डायलॉग आपने सुना होगा। बड़े-बड़े मुजरिमों के पकड़े जाने के किस्से भी देखे-सुने होंगे। ऐसी ही एक कहानी हम बताने जा रहे हैं। तो किस्सा कुछ यूं है कि चोरी के एक आरोपी ने छत्तीसगढ़ पुलिस के पोर्टल के जरिए यह सूचना दी कि दर्रीपारा एरिया में फिर से दो वर्गों में विवाद शुरू हो गया है। अभी कवर्धा में जो हालात बने थे, उस वजह से पुलिस ने कोई देरी नहीं की और सिटी कोतवाली की टीम मौके पर पहुंच गई। वहां पहुंचने के बाद पुलिस को यह समझ आ गया कि किसी ने उन्हें परेशान किया। डायल-112 में ऐसी कई शिकायतें आती रहती हैं, जिसमें पुलिस परेशान होती है। ऐसे मौके पर पुलिस टीम तस्दीक कर के लौट आती है, लेकिन यह मामला संवेदनशील था। कोई भी गलत सूचना शहर का माहौल बिगाड़ सकती थी, इसलिए पुलिस इसमें जरा भी कोताही नहीं बरतना चाहती थी। पूरे घटनाक्रम की सूचना सीनियर अफसरों को दी गई। इसके बाद जिसने बदमाशी की थी, उसकी तलाश शुरू हुई। जिस नंबर के जरिए शिकायत मिली थी, वह बंद था, इसलिए साइबर सेल की मदद ली गई। आखिरकार कानून के हाथ उस तक पहुंच गए। आरोपी की पहचान बोड़ला के पोड़ी गांव के आजम अली के रूप में हुई। पुलिस जब उसके घर पहुंची, तब 25 KVA का ट्रांसफार्मर, कंजर्वेटर, 9 बंडल एल्युमीनियम तार सहित चोरी के कई सामान बरामद हुए। बता दें कि वार्ड नंबर 27 के लोहारा नाका चौक इलाके में झंडा लगाने को लेकर हुए विवाद के बाद दो गुटों में लाठी-डंडे और पत्थरबाजी हुई थी। इसके बाद कलेक्टर ने 3 अक्टूबर से धारा-144 लगा दी है। इसमें झूठी अफवाह फैलाना, भीड़ एकत्र करना, समुदाय या वर्ग के खिलाफ बोलना, आपात सेवाएं रोकना प्रतिबंधित है।

Similar News