संसद स्मोक अटैक: सोशल मीडिया में जान-पहचान, 6 लोगों ने मिलकर रची साजिश, पढ़िए फिर क्या हुआ...

Update: 2023-12-13 11:27 GMT

नई दिल्ली। संसद के बाहर और अंदर स्मोक अटैक करने वाले चारों आरोपी अलग अलग जगहों से है। संसद के बाहर नारेबाजी कर गैस का छिड़काव करने वाले गिरफ्तार युवक और महिला में नीलम शिंदे 42 वर्ष हरियाणा के हिसार की रहने वाली है। दूसरा आरोपी अनमोल शिंदे 25 वर्ष महाराष्ट्र के लातूर का रहने वाले है।

वहीं, संसद के अंदर हंगामा और स्मोक अटैक करने वाले दो युवकों में सागर शर्मा उत्तरप्रदेश के लखनऊ और मनोरंजन डी भी कर्नाटक के मैसूर का रहने वाला है।

पूछताछ में पता चला है कि इस घटना में कुल छह लोग शामिल है। इनमें से पांच की पहचान कर ली गई है। एक अन्य की पहचान कीजा रही है। सभी आरोपियों की पहचान सोशल मीडिया के माध्यम से एक दूसरे से हुई थी। जिसके बाद सभी ने ये प्लानिंग तैयार की। जानकारी ये भी मिली है कि सागर शर्मा दो सालों तक बेंगलुरु में रहा और उसके बाद अभी अभी लखनऊ लौटा था और बैटरी वाला रिक्शा चलता है। दो दिनों पहले ही सभी दिल्ली पहुंचे थे।

इससे पहले, कर्नाटक के मैसूर निवासी मनोरंजन डी पिछले तीन महीने से संसद में घुसने के लिए बीजेपी सांसद प्रताप सिम्हा के कार्यालय के चक्कर काट रहा था। उसने नये संसद भवन को देखने के नाम से दो पास बनवाया था। बुधवार को दो पास सांसद के आदेश पर बनाये गए थे।

वहीँ, बसपा से निष्कासित लोकसभा सांसद दानिश अली ने दर्शक दीर्घा से लोकसभा में कूदने वाले युवकों में से एक युवक के लोकसभा के पास की तस्वीर को शेयर करते हुए एक्स पर लिखा कि वह व्यक्ति भाजपा सांसद का गेस्ट था। इसका अभिप्राय यह हुआ कि उस व्यक्ति का लोकसभा के दर्शक दीर्घा का पास भाजपा सांसद की सिफारिश पर बनाया गया था।

दानिश अली ने दर्शक दीर्घा से लोकसभा में कूदने वाले युवकों में से एक युवक के लोकसभा के पास और उसके जूते की तस्वीरों को शेयर करते हुए एक्स पर पोस्ट कर कहा, "21 साल पहले इसी दिन (13 दिसंबर) संसद पर हुए हमले की दिल दहला देने वाली याद दिलाते हुए, एक व्यक्ति दर्शक दीर्घा से लोकसभा सांसदों के क्षेत्र में कूद गया। इस उल्लंघन से सांसदों की जान खतरे में पड़ सकती थी। इसने 56 इंच के कवच की खामियों को उजागर कर दिया है। वह शख्स भाजपा सांसद का मेहमान था।"

लोकसभा की दर्शक दीर्घा के लिए बने विजिटर पास में इसका नाम सागर शर्मा लिखा हुआ है। बताया जा रहा है कि सागर शर्मा नाम का यह व्यक्ति भाजपा सांसद प्रताप सिम्हा की सिफारिश के आधार पर बने विजिटर पास से लोकसभा की दर्शक दीर्घा में पहुंचा था।

लोकसभा में शून्यकाल की कार्यवाही के दौरान दर्शक दीर्घा से सदन में कूदे शख्स ने अपने जूते के अंदर से पीले रंग का कुछ पदार्थ निकाल कर स्प्रे कर दिया था, जिससे सदन में पीले रंग का धुआं फैल गया।

प्रताप सिम्हा कर्नाटक के मैसूर- कोडागु लोकसभा क्षेत्र से भाजपा के सांसद हैं। आपको बता दें कि, संसद की कार्यवाही देखने के लिए आम लोगों को पास की जरूरत होती है। सांसद की सिफारिश के आधार पर ही पास बनते हैं और इसी विजिटर पास के जरिए सदन की दर्शक दीर्घा में लोगों की एंट्री होती है। दर्शक दीर्घा सदन के ऊपर बना हुआ है।

लोकसभा की सुरक्षा में हुई चूक के मामले में जांच के निर्देश देते हुए लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने इस घटनाक्रम की पूरी रिपोर्ट मांगी है। इसके साथ ही बिरला ने दर्शक दीर्घा के लिए बनने वाले पास पर भी रोक लगा दी है।

Tags:    

Similar News