इंसाफ नहीं मिला तो कैसे करूंगा बहनों की शादी? सेना का जवान डिप्टी सीएम विजय सिन्हा के सामने रो पड़ा, जानिए पूरा मामला
Bihar News : बिहार के डिप्टी सीएम ने जवान को भरोसा दिलाया कि जो देश की सुरक्षा करता है, उसे न्याय जरूर मिलेगा। उन्होंने जवान का हौसला बढ़ाते हुए कहा कि अपराधियों से डरने की जरूरत नहीं है, बल्कि उनका सामना कर उन्हें हराना है।
जन संवाद में शिकायतें सुनते उप मुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा। इमेज-सोशल मीडिया
Bihar land Mafia News : सर, जमीन विवाद में मेरे पिता की मौत हो गई। चाचा ब्रेन हैमरेज से पीड़ित हैं। मैं उनसे लड़ नहीं सकता। अब मेरा भी मन आत्महत्या करने का कर रहा है। सेना के एक जवान ने उप मुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा के जन संवाद कार्यक्रम में अपना दर्द बयां किया। वह उप मुख्यमंत्री के सामने फूट-फूटकर रोने लगा।
सेना के जवान ने कहा कि वह भू-माफियाओं से मुकाबला करने में असमर्थ है। अगर उसे न्याय नहीं मिला तो वह बहनों की शादी कैसे कर पाएगा? भावुक जवान का यह वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। उप मुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा ने जिला प्रशासन को सख्त निर्देश दिए हैं कि तुरंत भू-माफियाओं के खिलाफ कड़े कदम उठाए जाएं।
पूरा मामला क्या है?
यह वाकया 2 अप्रैल का है। छपरा स्थित भिखारी ठाकुर प्रेक्षागृह में विजय कुमार सिन्हा भूमि सुधार से जुड़ी लोगों की शिकायतें सुन रहे थे। इसी दौरान सेना के जवान सहदेव कुमार समस्या लेकर मंच पर पहुंचे। सहदेव छपरा के मढ़ौरा थाना क्षेत्र के निवासी हैं। वह सेना में सिपाही हैं। मंत्री के सामने पीड़ा बताते हुए वह इतने भावुक हो गए कि मंच पर फूट-फूटकर रोने लगे। उन्होंने कहा कि उन्हें इंसाफ नहीं मिला तो वह आत्महत्या जैसा कदम उठाने को मजबूर हो जाएंगे। उनकी चार बहनें हैं। उनके विवाह की जिम्मेदारी भी उन पर है। वह कोर्ट जाने में सक्षम नहीं हैं, क्योंकि सेना की नौकरी के चलते उन्हें इतनी छुट्टी नहीं मिलती कि वे बार-बार अदालत के चक्कर लगा सकें।
अपराधियों से डरने की जरूरत नहीं
उप मुख्यमंत्री ने जवान को शांत कराया और कहा कि तुम हार मान लोगे तो तुम्हारे परिवार की जिम्मेदारी कौन उठाएगा। आत्महत्या समाधान नहीं है। जो देश की सुरक्षा करता है, उसे न्याय जरूर मिलेगा। अपराधियों से डरने की जरूरत नहीं है, बल्कि सामना कर उन्हें हराना चाहिए। उप मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि तत्काल कार्रवाई करें और भू-माफियाओं के खिलाफ कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि जमीन पर कब्जा करने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा। ऐसे लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई तेज की जाए और कब्जाई गई जमीन को जल्द मुक्त कराया जाए।