CG बंटी बबली गिरफ्तार: ठग दंपत्ति ने मंत्रालय की गैलरी में अफसर बनाकर किसी से मिलाया, नौकरी नहीं लगने पर युवक ने पैसे मांगे तो जान से मारने की धमकी दी

Update: 2022-11-19 15:04 GMT

जांजगीर। सहायक विकास विस्तार अधिकारी की नौकरी दिलाने का झांसा देकर ठग दंपत्ति ने अपने की रिश्तेदार से 8 लाख ठग लिए। जब चयन सूची में नाम नहीं आया तो वेटिंग लिस्ट में नाम आने के नाम पर बहलाते रहे। बेरोजगार युवक को अपनी पहुंच का झांसा दिखाने के लिए नवा रायपुर में मंत्रालय में बुलाया और मंत्रालय के भीतर गैलरी में किसी सूट-बूट वाले व्यक्ति को अफसर बताकर मिलवाया। नौकरी नहीं लगने पर जब युवक ने पैसे वापस मांगे तो जान से मारने की धमकी दी। युवक ने एसपी विजय अग्रवाल से मिलकर शिकायत की तो पुलिस ने पति-पत्नी को पामगढ़ थाना क्षेत्र के भैंसो से गिरफ्तार कर लिया।

जानकारी के मुताबिक सिटी कोतवाली अंतर्गत गढ़ोला निवासी विनय पाटले (38 वर्ष) ने 2017 में व्यापमं से आयोजित सहायक विकास विस्तार अधिकारी परीक्षा दी थी। इसी बीच उसकी मुलाकात पामगढ़ थाना क्षेत्र के भैंसो निवासी रतन गौरहा और उसकी पत्नी गिरजा सिंह से हुई। दोनों उसके दूर के रिश्तेदार हैं। रतन और गिरजा सिंह ने विनय को मंत्रालय में अधिकारियों से पहुंच का झांसा दिया। रतन ने बताया कि उसका वन, शिक्षा और राजस्व विभाग के अधिकारियों से अच्छी पहचान है। पति-पत्नी ने विनय को मंत्रालय बुलाया। वहां अलग-अलग विभागों के बाहर ले जाकर घुमाया। गैलरी में और अधिकारियों के चैंबर के बाहर कुछ सूट-बूट पहने लोगों से मिलवाया।

रतन के साथ मंत्रालय में घूमकर विनय झांसे में आ गया। उसने अपने पिता के बैंक खाते से 7 लाख रुपए रतन के खाते में डलवा दिए। इसके बाद एक लाख रुपए दोनों पति-पत्नी ने विनय के गांव गढ़ोला जाकर लिए। नवंबर 2017 से मार्च 2018 तक यह सिलसिला चला। जब व्यापमं ने चयन सूची जारी की, तब उसमें विनय का नाम नहीं था। उसने रतन से संपर्क किया तो उसने कहा कि वेटिंग लिस्ट में नाम आएगा। इसके बाद भी जब नाम नहीं आया तो विनय ने पैसे मांगे। ठग दंपत्ति उन्हें यह झांसा देता रहा कि जल्द ही पैसे लौटा देंगे। इस बीच 24 अप्रैल 2021 को विनय के पिता का निधन हो गया।

विनय को पिता के स्थान पर शिक्षा विभाग में सहायक ग्रेड तीन की नौकरी मिल गई। फिलहाल वह मुलमुला स्थित हायर सेकंडरी स्कूल में पदस्थ है। उसने जब पैसे लौटाने के लिए दबाव डाला तो रतन ने जान से मारने की धमकी दी। आखिरकार विनय ने एसपी विजय अग्रवाल के पास जाकर गुहार लगाई। उसने बताया कि पहले भी वह थाने जा चुका है, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। विनय ने बाकायदा बैंक खाते का विवरण भी दिखाया। तब एसपी ने तत्काल पति-पत्नी को गिरफ्तार करने के निर्देश दिए।

Tags:    

Similar News